लखनऊ, 7 अगस्त (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में ‘मंडल चेतना जन आंदोलन’ के मंच से नगीना सांसद और आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) के राष्ट्रीय अध्यक्ष चंद्रशेखर ने चुनावी व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए देश में ईवीएम की जगह बैलेट पेपर से चुनाव कराने की मांग की। उन्होंने ‘बैलेट पेपर लाओ, लोकतंत्र बचाओ, ईवीएम हटाओ’ का नारा देते हुए मंडल आयोग की सिफारिशों को पूरी तरह लागू करने, जाति आधारित जनगणना कराने और पूर्व प्रधानमंत्री वी.पी. सिंह को भारत रत्न देने की मांग भी उठाई।
लखनऊ के ईको गार्डन में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए चंद्रशेखर आजाद ने कहा कि जब तक मंडल आयोग की सिफारिशें पूरी तरह लागू नहीं होतीं और पिछड़े वर्गों को उनका अधिकार नहीं मिलता, तब तक उनका आंदोलन जारी रहेगा। उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा कि जहां-जहां उनका पसीना गिरेगा, वहीं सामाजिक बदलाव और क्रांति के नए बीज अंकुरित होंगे। उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री वी.पी. सिंह को सामाजिक न्याय का बड़ा योद्धा बताते हुए केंद्र सरकार से उन्हें मरणोपरांत भारत रत्न देने की मांग की।
उन्होंने कहा कि पिछड़े वर्गों को राजनीतिक और सामाजिक भागीदारी दिलाने में वी.पी. सिंह की ऐतिहासिक भूमिका रही है। चंद्रशेखर ने अपने संबोधन में कांशीराम और रामविलास पासवान को भी याद किया। उन्होंने कहा कि आज देश में जो संवैधानिक और सामाजिक अधिकार दिखाई देते हैं, वे इन नेताओं के लंबे संघर्ष का परिणाम हैं। सामाजिक न्याय की इस लड़ाई को आगे बढ़ाना उनकी जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि कुछ लोग इस आंदोलन को चुनावी राजनीति से जोड़कर देख रहे हैं, जबकि यह कार्यक्रम सामाजिक न्याय और अपने महापुरुषों के संघर्ष को आगे बढ़ाने के लिए आयोजित किया गया है।
उन्होंने दावा किया कि भीम आर्मी और आजाद समाज पार्टी के कार्यकर्ताओं का मुकाबला करने की हिम्मत किसी राजनीतिक दल में नहीं है। कार्यक्रम के दौरान मंच से जाति आधारित जनगणना की मांग भी जोर-शोर से उठाई गई। कार्यकर्ताओं ने “ओबीसी समाज की जाति आधारित जनगणना करो, वरना कुर्सी खाली करो” और “बैलेट पेपर लाओ, लोकतंत्र बचाओ, ईवीएम हटाओ” के नारे लगाए।
इस मौके पर पूर्व आईपीएस अधिकारी एवं आजाद समाज पार्टी के नेता आदित्य प्रकाश वर्मा ने आरोप लगाया कि पिछड़े वर्गों के लिए 27 प्रतिशत आरक्षण का संवैधानिक प्रावधान होने के बावजूद उन्हें उसका पूरा लाभ नहीं मिल रहा है। उन्होंने आरक्षण व्यवस्था का प्रभावी ढंग से पालन सुनिश्चित करने की मांग की। कार्यक्रम के दौरान बहुजन समाज पार्टी के पूर्व विधायक बाल गोविंद राजवंशी ने अपने समर्थकों के साथ आजाद समाज पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। –
–आईएएनएस
विकेटी/पीएम

