SGSU Advertisement
Home राजनीति छठ पूजा से लेकर धार्मिक आयोजनों तक बंगाल में बदले हालात :...

छठ पूजा से लेकर धार्मिक आयोजनों तक बंगाल में बदले हालात : मनजिंदर सिरसा

0
1

कोलकाता, 15 नवंबर (आईएएनएस)। दिल्ली सरकार के मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा ने रविवार को पश्चिम बंगाल की पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के नेतृत्व वाली सरकार पर तंज कसते हुए कहा कि वह “बांग्लादेश सरकार की तरह” काम करती थी।

दिल्ली सरकार के मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा ने आईएएनएस से बात करते हुए कहा, “ममता बनर्जी के नेतृत्व वाली पिछली सरकार बांग्लादेश की सरकार जैसी थी। इसमें तुष्टीकरण, परिवारवाद और लूट-खसोट थी। एक परिवार ने बंगाल को दोनों हाथों से लूटा, इसीलिए यहां की जनता ने बदलाव किया। अब बंगाल में भाजपा सरकार लोगों के जीवन में बदलाव ला रही है।”

उन्होंने जोर देकर कहा, “जो लोग जबरन वसूली में शामिल थे, उन्हें जेल भेजा जा रहा है और किसी को भी बख्शा नहीं जा रहा है। सबसे बड़ी बात यह है कि बंगाल के लोगों का सम्मान वापस लौटा है। लोगों की धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने वाली घटनाओं पर काफी हद तक लगाम लगी है।”

उन्होंने कहा, “आज हर कोई अपने धार्मिक त्योहारों को खुलकर मना सकता है। अभी यहां बहुत से लोग, माताएं और बहनें छठ पूजा मना रही हैं जबकि पिछली ममता सरकार के शासन में ऐसा करना एक अपराध बन गया था।”

दिल्ली के मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा ने कहा, “मैं पश्चिम बंगाल के सीएम सुवेंदु अधिकारी को हार्दिक बधाई देता हूं। दिल्ली सरकार की ओर से और दिल्ली के एक मंत्री के रूप में मैं उन्हें धन्यवाद देता हूं कि उन्होंने बंगाल में हमेशा सिख समुदाय का साथ दिया है और उनके हक के लिए लगातार संघर्ष किया है। मुझे खुशी है कि चुनाव जीतने के बाद भी उन्होंने गुरुद्वारे में अपना सिर झुकाया। आज गुरुनानक देव जी के प्रकाश पर्व के अवसर पर वे नगर कीर्तन में नतमस्तक होने आए हैं। मैं उन्हें अपनी शुभकामनाएं और बधाई देता हूं। भाजपा सरकार के रहते बंगाल हमेशा और अधिक तरक्की करेगा; यहां के लोग जितने सुंदर हैं, अब बंगाल भी उतना ही सुंदर हो जाएगा।”

उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, “कोलकाता में रविवार को गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के सम्मानित सदस्यों एवं सिख संगत के प्रतिनिधियों से आत्मीय मुलाकात और सार्थक संवाद हुआ। मंत्री अग्निमित्रा पॉल के स्नेहपूर्ण स्वागत एवं सत्कार के लिए हृदय से आभार। इस अवसर पर सामाजिक सरोकारों एवं जनकल्याण से जुड़े विषयों पर विचार साझा किए गए। वाहेगुरु से सभी पर अपनी अपार मेहर बनाए रखने की अरदास करता हूं।”