SGSU Advertisement
Home अंतर्राष्ट्रीय चीन के क्वेइलिन में ‘विश्व नहर सम्मेलन 2026’ आयोजित

चीन के क्वेइलिन में ‘विश्व नहर सम्मेलन 2026’ आयोजित

0
5

बीजिंग, 13 अक्टूबर (आईएएएस)। दक्षिण चीन के क्वांग्शी च्वांग जातीय स्वायत्त प्रदेश के क्वेइलिन शहर में ‘विश्व नहर सम्मेलन 2026’ मंगलवार को शुरू हुआ। इसमें दुनिया के 20 से अधिक देशों के नहर शहरों, शोध संस्थानों, विश्वविद्यालयों और उद्योग संगठनों के प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया।

सम्मेलन में विश्व की नहर विरासत के संरक्षण, जल परिवहन के आधुनिकीकरण और नदी बेसिन के समन्वित विकास जैसे अहम मुद्दों पर विचार-विमर्श किया गया।

‘नवाचार और दृढ़ता : महत्वपूर्ण विकल्प’ विषय पर आयोजित इस सम्मेलन में दो प्रमुख मुद्दों पर ध्यान दिया गया। पहला, लिनछ्य्वी नहर के संरक्षण, जीर्णोद्धार और नए सिरे से उपयोग से जुड़ा है। इस नहर को प्राचीन विश्व की जल संरक्षण वास्तुकला का एक अनमोल उदाहरण माना जाता है।

वहीं, दूसरा मुद्दा फिंगलू नहर से जुड़ा है, जिसके जरिए आधुनिक जल परिवहन के उच्च गुणवत्ता वाले विकास की संभावनाओं को सामने रखा गया।

इसी बीच, सम्मेलन के उद्घाटन समारोह में विश्व हरित डिजाइन संगठन ने फिंगलू नहर परियोजना को अंतर्राष्ट्रीय हरित डिजाइन पुरस्कार और अंतर्राष्ट्रीय हरित डिजाइन योगदान पुरस्कार से सम्मानित किया।

गौरतलब है कि इस वर्ष 16 सितंबर को, क्वांग्शी च्वांग जातीय स्वायत्त प्रदेश में नवनिर्मित फिंगलू नहर को आधिकारिक तौर पर खोल दिया गया था। यह नहर पश्चिमी भूमि-समुद्री नए कॉरिडोर की एक महत्वपूर्ण परियोजना है।

इसका निर्माण 28 अगस्त 2022 को शुरू हुआ था। नहर की कुल लंबाई 134.2 किलोमीटर है और इसे अंतर्देशीय श्रेणी-1 जलमार्ग के मानकों के अनुरूप बनाया गया है। इस पर 5,000 टन तक की क्षमता वाले जहाज चल सकते हैं। यह क्षमता चीन के अंतर्देशीय जलमार्गों के लिए निर्धारित सबसे ऊंचे मानकों में से एक है।

(साभार- चाइना मीडिया ग्रुप, पेइचिंग)