SGSU Advertisement
Home मनोरंजन आईफोन से थ्रिलर फिल्म बनाने पर बोले तनुज विरवानी, ‘नाश’ की शूटिंग...

आईफोन से थ्रिलर फिल्म बनाने पर बोले तनुज विरवानी, ‘नाश’ की शूटिंग के दौरान रात में लगा डर

0
8

मुंबई, 13 अक्टूबर (आईएएनएस)। एक्टर तनुज विरवानी अब एक्टिंग के साथ फिल्ममेकिंग में भी नए एक्सपेरिमेंट कर रहे हैं। उन्होंने अपनी थ्रिलर फिल्म ‘नाश’ को आईफोन से शूट किया है। इस फिल्म में वह एक्टिंग करने के साथ-साथ राइटर, प्रोड्यूसर और डायरेक्टर की जिम्मेदारी भी संभाल रहे हैं।

तनुज ने समाचार एजेंसी आईएएनएस के साथ बातचीत में बताया कि आईफोन से थ्रिलर फिल्म शूट करने का अनुभव उनके लिए काफी रोमांचक और चुनौतीपूर्ण रहा। खासकर रात के समय सीमित संसाधनों के साथ डर और तनाव वाला माहौल तैयार करना आसान नहीं था।

तनुज ने अपने अनुभव के बारे में बताया, ”’नाश’ एक थ्रिलर है और इसे बनाने का पूरा अनुभव मेरे लिए बेहद रोमांचक और चुनौतीपूर्ण रहा। मैं फिल्ममेकिंग के इस तरीके के साथ एक्सपेरिमेंट करना चाहता था और देखना चाहता था कि आईफोन से शूटिंग करके हम क्रिएटिविटी के मामले में कितनी दूर तक जा सकते हैं। फिल्म का काफी हिस्सा लोनावला स्थित मेरे फार्महाउस पर शूट किया गया। मैंने अपने दोस्तों के साथ भी शूटिंग की, इसलिए यह अनुभव मेरे लिए काफी पर्सनल रहा।”

उन्होंने आगे कहा, ”लेकिन रात में फोन से थ्रिलर शूट करना सच में काफी डरावना था। जब आप अंधेरे में काम कर रहे होते हैं और सीमित संसाधनों के साथ सही माहौल बनाने और कहानी में तनाव दिखाने की कोशिश करते हैं, तो आप उस अनुभव में पूरी तरह डूब जाते हैं। फिल्म बनाने का यह अनुभव मेरे लिए बिल्कुल अलग था।”

तनुज ने कहा, ”ओटीटी पर लंबे फॉर्मेट की कहानियों के साथ काम करने के बाद मैं कुछ अलग करना चाहते थे। मैं ऐसी कहानी पर काम करना चाहता था, जिसका अपना एक तय नैरेटिव हो, लेकिन जिसे एपिसोड के रूप में भी पेश किया जा सके। इस तरह के फॉर्मेट में दर्शकों की दिलचस्पी बनाए रखने और उन्हें अगले एपिसोड का इंतजार कराने का मौका मिलता है।”

उन्होंने आगे कहा, ”मुझे यह फॉर्मेट दिलचस्प लगता है, क्योंकि इसमें कहानी कहने के नए तरीकों के साथ एक्सपेरिमेंट किया जा सकता है। ‘नाश’ के जरिए मैं इसी फॉर्मेट को एक्सप्लोर करना चाहता था। मैं क्रिएटिव तौर पर खुद को चुनौती देना चाहता था और देखना चाहता था कि फिल्ममेकिंग का एक अलग तरीका कहानी को किस तरह बेहतर बना सकता है।”

‘नाश’ में तनुज के साथ मधुरिमा रॉय, निबेदिता पाल, सनी रजनी और अन्य कलाकार नजर आएंगे।