SGSU Advertisement
Home अंतर्राष्ट्रीय चीन की मेजबानी में एपेक का आयोजन, शनचन पर पूरी दुनिया की...

चीन की मेजबानी में एपेक का आयोजन, शनचन पर पूरी दुनिया की नजर

0
2

बीजिंग, 16 नवंबर (आईएएनएस)। चीन एक बार फिर बड़े और महत्वपूर्ण शिखर सम्मेलन की मेजबानी कर रहा है। 12 साल बाद चीन में आयोजित हो रहे एशिया-प्रशांत आर्थिक सहयोग (एपेक) पर दुनिया की नजर है। यह सम्मेलन ऐसे समय में हो रहा है, जब विश्व तमाम चुनौतियों से जूझ रहा है, जिनमें आर्थिक बाधाएं भी मौजूद हैं।

ऐसे माहौल में विश्व की दूसरी सबसे बड़ी आर्थिक शक्ति चीन के शनचन शहर में एपेक के नेताओं का एकत्र होना और कई अहम मुद्दों पर विचार करना बहुत महत्व रखता है। पूर्व में जिस तरह चीन ने जी-20, ब्रिक्स आदि सम्मेलनों के जरिए दुनिया को स्थिरता से आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। उसी तरह एपेक के माध्यम से भी चीन अग्रणी भूमिका निभा सकता है।

चीनी राष्ट्रपति शी चिनफिंग के मुताबिक, चीन इस विशेष मौके पर विभिन्न पक्षों के साथ मिलकर एशिया-प्रशांत समुदाय का निर्माण करने पर जोर देगा। साथ ही चीन मुक्त व्यापार, पारस्परिक संपर्क, डिजिटल अर्थव्यवस्था और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के क्षेत्र में सहयोग बढ़ाने के लिए तैयार है।

बता दें कि एपेक की स्थापना वर्ष 1989 में हुई, यह वही दौर था, जब चीन में खुले द्वार की नीति पर जोरों से काम हो रहा था। ऐसे में शनचन जो आज एक महानगर बन चुका है, वह एपेक और चीन के विकास व खुलेपन का साक्षी रहा है, क्योंकि कुछ दशक पहले तक शनचन महज एक मछली पकड़ने वाला गांव था, आज कई बहुराष्ट्रीय कंपनियों के दफ्तर शनचन में हैं और वह चीन के आर्थिक विकास की कहानी बयान करता है।

ध्यान रहे कि चीन आधिकारिक तौर पर एपेक में 1991 में शामिल हुआ। जबकि हांगकांग से सटा आधुनिक शहर शनचन शांगहाई और पेइचिंग के बाद चीन का तीसरा शहर बन गया है, जो एपेक की मेजबानी कर रहा है। शनचन और चीन के अन्य क्षेत्रों ने हाल के दशकों में इतनी तरक्की की है कि दुनिया को आश्चर्य होता है।

इससे यह पता चलता है कि चीन ने खुलेपन पर कितना ध्यान दिया है। चीन में विज्ञान, तकनीक और आर्थिक तरक्की को साथ-साथ प्रोत्साहित किया गया। इसके मद्देनजर विश्व की तमाम बड़ी कंपनियां चीन के प्रति आकर्षित हुईं और चीनी कंपनियों ने भी दूसरे देशों में जाकर अपना विस्तार किया। इससे चीन एक अहम आर्थिक ताकत के रूप में सामने आया।

गत चार दशकों में चीन में हुए तेज विकास का श्रेय बहुत हद तक सुधार और खुलेपन की नीति को जाता है। शनचन की बात करें तो वह चीन के सबसे पहले स्थापित स्पेशल इकोनॉमिक जोन (सेज) में से एक रहा है। साल 1980 में जब शनचन को सेज बनाया गया, उस समय उसकी जीडीपी सिर्फ 270 मिलियन युआन थी, लेकिन पिछले साल तक बढ़कर जीडीपी 3.87 ट्रिलियन युआन को पार कर चुकी है।

शनचन इस मामले में सिर्फ पेइचिंग और शांगहाई के पीछे है। कहना होगा कि आज चीन में क्वालिटी वाली ग्रोथ की बात हो रही है, जो पहले से अलग है। पिछले कुछ दशकों में 80 करोड़ लोगों को गरीबी से बाहर निकालने में कामयाबी हासिल करने के बाद चीन अब गुणवत्ता पर काफी ध्यान दे रहा है।

जाहिर है कि शनचन को एपेक के मेजबान के रूप में चुनना एक बड़ा संदेश देता है। उम्मीद की जानी चाहिए कि चीन हमेशा की तरह इस बार के इस आयोजन से भी विश्व और दुनिया को आर्थिक मजबूती और स्थिरता के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करेगा।

(साभार- चाइना मीडिया ग्रुप, पेइचिंग)