‘कांग्रेस, मुस्लिम लीग और कट्टरपंथियों के आगे नतमस्तक’, शहजाद पूनावाला का बड़ा हमला

0
2

नई दिल्ली, 18 मई (आईएएनएस)। स्वीडन द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को दिए गए सर्वोच्च सम्मान पर भाजपा प्रवक्ता शहजाद पूनावाला ने इसे पूरे देश का सम्मान बताया। उन्होंने विपक्ष, खासकर कांग्रेस, सपा और टीएमसी पर तीखा हमला बोलते हुए संजय राउत, दिग्विजय सिंह और अरशद मदनी के बयानों को लेकर निशाना साधा। वहीं, वंदे मातरम् के विरोध और केरल की राजनीति को लेकर भी उन्होंने कांग्रेस पर जमकर हमला बोला।

शहजाद पूनावाला ने आईएएनएस से बातचीत में कहा कि जब राष्ट्र का सम्मान होता है तो संजय राउत जैसे कुछ नेता ओछी राजनीति करते हैं। ये वही संजय राउत हैं, जो बंगाल के चुनाव पर जब डोनाल्ड ट्रंप के ऑफिस ने एक सकारात्मक टिप्पणी की तो उन्होंने पत्र लिखकर कहा कि चुनाव आयोग बिका हुआ है। वह भारत की आंतरिक नीतियों पर भी विदेश में राजनीति करना चाहते हैं। इसीलिए इन नेताओं समेत राहुल गांधी को देश ने नकार दिया है।

धार भोजशाला मामले पर दिग्विजय सिंह के बयान पर शहजाद पूनावाला ने कहा कि कांग्रेस एक हिंदू विरोधी पार्टी है। जैसे ही भोजशाला पर फैसला आया और हिंदुओं को पूजा का अधिकार मिला, तो राहुल गांधी ने दिग्विजय सिंह को फोन करके हिंदुओं के खिलाफ बयानबाजी करने के लिए कहा। राहुल गांधी कहते हैं कि मंदिर जाने वाले लड़कियां छेड़ते हैं। इस्लामिक टेरर ग्रुप खतरनाक नहीं होते, बल्कि हिंदू टेरर ग्रुप खतरनाक होते हैं।

उन्होंने कहा कि राहुल गांधी के इशारे पर दिग्विजय सिंह ने ना सिर्फ भोजशाला पर आए फैसले का विरोध किया, बल्कि इसे हिंदू-मुस्लिम बता दिया। तो क्या कोर्ट ये फैसला देकर हिंदू-मुस्लिम कर रही थी? ये कांग्रेस का हिंदू विरोधी डीएनए है।

केरल के मुख्यमंत्री वीडी सतीशन के शपथ लेने पर उन्होंने बधाई देते हुए कहा कि वह कांग्रेस के सीएम नहीं हैं, बल्कि मुस्लिम लीग के सीएम हैं। हम सबने देखा है कि कांग्रेस के विधायकों का विचार कुछ और ही था, लेकिन कांग्रेस ने फतवा जारी किया कि जमात, पीएफआई और मुस्लिम लीग चाहती है कि सतीशन सीएम बनें। इसके बाद मुस्लिम लीग को 20 प्रतिशत मंत्रालय भी दे दिए गए।

उन्होंने कहा कि हम सबने देखा है कि किस तरह मुस्लिम लीग के नेता सड़कों पर उत्पात मचा रहे थे। जहरीले नारे लगा रहे थे। अब ‘सिर तन से जुदा’ के नारे लगेंगे। शरिया के नारे लगेंगे और इस्लामिक रिपब्लिक बनाएंगे। ये लोग केरल को शरीया वाली जमीन बना देंगे। कांग्रेस पार्टी जिहादियों और इस्लामिक ताकतों के सामने नतमस्तक हो चुकी है।

वंदे मातरम् का विरोध करने वालों पर तीखा हमला बोलते हुए शहजाद पूनावाला ने कहा कि कुछ लोगों का शरीर यहां है और मन पाकिस्तान में है। इसलिए वे बार-बार वंदे मातरम् का विरोध करते हैं। ये वही लोग हैं जो ‘सिर तन से जुदा’ को ठीक मानते हैं और वंदे मातरम् को सांप्रदायिक कहते हैं। अरशद मदनी लगातार इसी तरह की बातें करते हैं, क्योंकि वह फिलिस्तीन जिंदाबाद और पाकिस्तान जिंदाबाद कह सकते हैं, लेकिन भारत माता की जय और वंदे मातरम् से उन्हें आपत्ति है।

उन्होंने कांग्रेस, सपा, टीएमसी पर निशाना साधते हुए कहा कि ये सभी लोग मदनी जैसे लोगों का समर्थन करते हैं और खुद भी वंदे मातरम् का विरोध करते हैं। समस्या अरशद मदनी की नहीं है, बल्कि उनके पीछे समर्थन देने वाली कांग्रेस का हाथ है।

वंदे मातरम् के विरोध पर भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता नलिन कोहली ने कहा कि वंदे मातरम् राष्ट्रीय गीत है और हमेशा रहा है। शुरू से ही इसे गाते हुए स्वतंत्रता प्राप्त की गई, क्या उसे नजरअंदाज किया जा सकता है? विरोध करने वाले संविधान से अधिकार की बातें तो करेंगे, लेकिन वंदे मातरम् गाने से इंकार कैसे कर सकते हैं? ऐसा तो नहीं हो सकता। भारत में भारत का संविधान चलेगा।