SGSU Advertisement
Home राजनीति मध्य प्रदेश में पानी के ऊपर और नीचे दोनों जगह बन...

मध्य प्रदेश में पानी के ऊपर और नीचे दोनों जगह बन रही है बिजली : सीएम मोहन यादव

0
3

भोपाल, 22 सितंबर (आईएएनएस) मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कहा है कि मध्य प्रदेश ऐसा राज्य है जहां पानी के ऊपर और पानी के नीचे दोनों ही स्थान पर बिजली का उत्पादन हो रहा है । राजधानी भोपाल में ऑल इंडिया डिस्कॉम्स एसोसिएशन द्वारा आयोजित “नवीकरणीय ऊर्जा एवं ऊर्जा भंडारण की किफायती विद्युत खरीद” विषयक क्षेत्रीय कार्यशाला का दीप प्रज्ज्वलित कर शुभारंभ करते हुए मुख्यमंत्री यादव ने कहा कि आज के समय में ऊर्जा की महत्ता का भाव देश और दुनिया में जागृत हुआ है। मध्यप्रदेश में पानी के ऊपर और पानी के नीचे दोनों से बिजली उत्पादन हो रहा है।

सीएम मोहन यादव ने कहा कि सबसे सस्ती बिजली उत्पादन में भी हमारा मध्यप्रदेश अग्रणी राज्य है। हम अक्षय ऊर्जा के उत्पादन में भी तेजी से आगे बढ़ रहे हैं। मुख्यमंत्री यादव ने आगे कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को मैं धन्यवाद देता हूं, जिनके दूरदर्शी नेतृत्व में भारत ने नवीकरणीय ऊर्जा के क्षेत्र में 50 प्रतिशत क्षमता का लक्ष्य हासिल कर एक नया कीर्तिमान स्थापित किया है।

उन्होंने कहा कि एक समय मध्य प्रदेश बिजली की कमी वाला राज्य था लेकिन आज प्रदेश बिजली सरप्लस राज्य बन चुका है। मुख्यमंत्री ने नवकरणीय ऊर्जा के क्षेत्र में हो रहे काम का जिक्र करते हुए कहा कि नवीकरणीय ऊर्जा के क्षेत्र में मध्यप्रदेश लगातार नए आयाम स्थापित कर रहा है और अपने ही रिकॉर्ड तोड़ रहा है।

उन्होंने कहा कि प्रदेश में 2000 मेगावाट क्षमता का देश का सबसे बड़ा सोलर प्लांट स्थापित किया जा रहा है। इसके शुरू होते ही यह देश का सबसे बड़ा सोलर प्लांट होगा। जिस प्रकार के सोलर प्लांट को अमेरिका में तैयार होने में लगभग चार वर्ष लगते हैं, उसी स्तर की परियोजना को मध्यप्रदेश में मात्र ढाई वर्ष में पूरा किया जा रहा है। यह मध्यप्रदेश की तेज कार्य क्षमता, संकल्प और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश के बढ़ते ऊर्जा सामर्थ्य का प्रमाण है।

–आईएएनएस

एसएनपी/पीएम