Monday, August 3, 2026
SGSU Advertisement
Home अपराध ग्रेटर नोएडा: 13.4 किलो गांजा के साथ दो तस्कर गिरफ्तार, पुलिस ने...

ग्रेटर नोएडा: 13.4 किलो गांजा के साथ दो तस्कर गिरफ्तार, पुलिस ने कार भी जब्त की

0
3

ग्रेटर नोएडा, 3 अगस्त (आईएएनएस)। गौतमबुद्ध नगर पुलिस द्वारा मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना ईकोटेक-3 पुलिस को सफलता मिली है। पुलिस ने गांजे की बिक्री करने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से कुल 13 किलो 400 ग्राम अवैध गांजा तथा तस्करी में इस्तेमाल की जा रही कार बरामद की है।

पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, सोमवार को थाना ईकोटेक-3 पुलिस क्षेत्र में संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि कुछ लोग बड़ी मात्रा में गांजा लेकर बिक्री के उद्देश्य से आने वाले हैं।

सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने लखनावली रोड स्थित डंपिंग यार्ड के पास घेराबंदी की। जांच के दौरान एक संदिग्ध कार को रोककर तलाशी ली गई, जिसमें सवार दो युवकों के कब्जे से 13 किलो 400 ग्राम अवैध गांजा बरामद हुआ।

पुलिस ने मौके पर ही दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सतेन्द्र कुमार (33 वर्ष) पुत्र शिव सिंह निवासी ग्राम नंगला बरौला, थाना जवां, जिला अलीगढ़ तथा शिवम चौहान (23 वर्ष) पुत्र सतीश चौहान निवासी ग्राम उखलाना, थाना हरदुआगंज, जिला अलीगढ़ के रूप में हुई है।

पुलिस के मुताबिक, शिवम वर्तमान में गौतमबुद्ध नगर के बिसरख थाना क्षेत्र के ग्राम ऐमनाबाद में किराये के मकान में रह रहा था। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से बरामद नीले रंग की कार को भी जब्त कर लिया है। प्रारंभिक पूछताछ में पुलिस यह जानकारी जुटाने का प्रयास कर रही है कि गांजा कहां से लाया गया था और इसे किन लोगों तक पहुंचाया जाना था। साथ ही इस पूरे नेटवर्क में शामिल अन्य लोगों की भी तलाश की जा रही है।

इस मामले में थाना ईकोटेक-3 में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपियों से पूछताछ के आधार पर मादक पदार्थों की तस्करी से जुड़े पूरे गिरोह का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है। यदि इस नेटवर्क में अन्य लोगों की संलिप्तता सामने आती है तो उनके खिलाफ भी कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।