Saturday, June 20, 2026
SGSU Advertisement
Home अपराध दिल्ली: ज्योति नगर थाना पुलिस की बड़ी कार्रवाई, साइकोट्रॉपिक पदार्थों के साथ...

दिल्ली: ज्योति नगर थाना पुलिस की बड़ी कार्रवाई, साइकोट्रॉपिक पदार्थों के साथ दो गिरफ्तार

0
5

नई दिल्ली, 20 जून (आईएएनएस)। नशीले और प्रतिबंधित दवाओं के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत दिल्ली पुलिस की ज्योति नगर थाना टीम ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए एनडीपीएस एक्ट के एक मामले का खुलासा किया है। पुलिस ने इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है और उनके कब्जे से भारी मात्रा में साइकोट्रॉपिक पदार्थ तथा नियंत्रित दवाएं बरामद की हैं।

पुलिस के अनुसार, इस संबंध में एफआईआर संख्या 279/2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 22, 25 और 29 के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान शिवम गर्ग (26) और वीरपाल गर्ग (50) के रूप में हुई है।

जानकारी के मुताबिक, 18 जून को ज्योति नगर थाना पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि अशोक नगर स्थित एम/एस गर्ग मेडिकोज के संचालक नियंत्रित और प्रतिबंधित दवाओं की अवैध खरीद-फरोख्त में संलिप्त हैं। सूचना के आधार पर पुलिस ने जीएनसीटीडी के ड्रग कंट्रोल विभाग के जिला औषधि निरीक्षकों के साथ संयुक्त कार्रवाई की। यह कार्रवाई अशोक नगर के शुक्र बाजार रोड स्थित टायगी डेयरी के पास प्लॉट नंबर बी-354 पर संचालित मेडिकल स्टोर पर की गई।

संयुक्त निरीक्षण और जांच के दौरान पुलिस एवं ड्रग कंट्रोल विभाग की टीम को आरोपियों के कब्जे से बड़ी मात्रा में साइकोट्रॉपिक पदार्थ और नियंत्रित दवाएं मिलीं। इसके बाद की गई विस्तृत जांच में दोनों आरोपियों की भूमिका अवैध रूप से प्रतिबंधित दवाओं के कब्जे और बिक्री में पाई गई। जांच के दौरान पुलिस ने मेडिकल स्टोर से बरामदगी के अलावा दुकान के कथित संचालक के घर पर भी तलाशी ली। वहां से 264 ग्राम ट्रामाडोल कैप्सूल की अतिरिक्त बरामदगी की गई। पुलिस का कहना है कि यह बरामदगी मामले की गंभीरता को और बढ़ाती है।

बरामद सामग्री में 607.50 ग्राम ट्रामाडोल कैप्सूल, 45 ग्राम अल्प्राजोलम टैबलेट, 1.197 किलोग्राम कोडीन सिरप और 45 मिलीलीटर ट्रामाडोल इंजेक्शन शामिल है। गिरफ्तारी के बाद पुलिस दोनों आरोपियों के आपराधिक रिकॉर्ड की जांच की। प्रारंभिक सत्यापन में यह सामने आया कि दोनों के खिलाफ पहले कोई आपराधिक मामला दर्ज नहीं है और उनका कोई पूर्व आपराधिक इतिहास नहीं मिला है।

नशीले और साइकोट्रोपिक पदार्थों के अवैध व्यापार में शामिल लोगों और नेटवर्क का पता लगाने के लिए पुलिस की जांच जारी है।

–आईएएनेसस

पीएसके