SGSU Advertisement
Home राजनीति दिल्ली-काशी के बीच दौड़ेगी वंदे भारत स्लीपर ट्रेन, सीएम योगी बोले- ‘पर्यटन...

दिल्ली-काशी के बीच दौड़ेगी वंदे भारत स्लीपर ट्रेन, सीएम योगी बोले- ‘पर्यटन और आर्थिक गतिविधियों को मिलेगी गति’

0
5

लखनऊ, 31 अक्टूबर (आईएएनएस)। मुख्य मंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में आज ‘नया उत्तर प्रदेश’ आधुनिक रेल परिवहन और युवाओं के कौशल सशक्तीकरण की दो महत्वपूर्ण उपलब्धियों का साक्षी बनेगा।

मुख्यमंत्री योगी ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शनिवार को वाराणसी और दिल्ली के बीच चलने वाली अत्याधुनिक वंदे भारत स्लीपर ट्रेन का शुभारंभ करेंगे। उन्होंने ‘एक्स’ पोस्ट में लिखा, “बाबा विश्वनाथ की पावन नगरी काशी से राष्ट्रीय राजधानी नई दिल्ली तक रेल संपर्क को नई गति देने के लिए आज प्रधानमंत्री के कर-कमलों द्वारा अत्याधुनिक वंदे भारत स्लीपर ट्रेन का शुभारंभ होगा।”

साथ ही, सीएम योगी आदित्यनाथ ने बताया कि लखनऊ में ‘सरदार वल्लभभाई पटेल कौशल प्रशिक्षण व रोजगार क्षेत्र विकास योजना’ का शुभारंभ भी होगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह पहल युवाओं के कौशल को निखारकर उन्हें रोजगार और स्वरोजगार के नए अवसरों से जोड़ने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।

सीएम योगी ने ‘एक्स’ पोस्ट में कहा, “एक ओर आधुनिक रेल सेवा से नए उत्तर प्रदेश में व्यापार, पर्यटन और आर्थिक गतिविधियों को नई गति मिलेगी, वहीं दूसरी ओर कौशल विकास की यह पहल युवाओं को प्रदेश की प्रगति में सशक्त सहभागी बनाएगी।”

एक अन्य पोस्ट में मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2017 से पूर्व उत्तर प्रदेश में तुष्टीकरण, जातिवाद और परिवारवाद की राजनीति ने समाज को बांटने का कार्य किया और राष्ट्रीय एकात्मता की भावना को कमजोर कर सामाजिक समरसता को आघात पहुंचाया।

उन्होंने कहा, “प्रधानमंत्री के मार्गदर्शन में डबल इंजन सरकार ने इस परिस्थिति को बदला। हमने ‘राष्ट्र प्रथम’ की भावना और ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास’ के मंत्र को सुशासन का आधार बनाकर सामाजिक समरसता को सुदृढ़ किया और श्रद्धेय सरदार पटेल जी की अमूल्य विरासत को ‘एक भारत-श्रेष्ठ भारत’ के संकल्प से जोड़ा।”

सरदार वल्लभभाई पटेल को याद करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा, “जिस राष्ट्रीय एकात्मता के लिए ‘भारत रत्न’ लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल जी ने अपना संपूर्ण जीवन समर्पित किया, उसे अक्षुण्ण बनाए रखना प्रत्येक भारतीय का पावन कर्तव्य है।”

जनता से अपील करते हुए सीएम योगी ने कहा, “सरदार पटेल के ‘एक भारत-श्रेष्ठ भारत’ के संकल्प को जन-जन की चेतना और आचरण में उतारने का सामूहिक अवसर है, सरदार पटेल की जयंती और ‘राष्ट्रीय एकता दिवस’ पर आयोजित ‘रन फॉर यूनिटी’। आइए, इस ‘एकता दौड़’ में सहभागी बनें। हमारा हर कदम राष्ट्र की अखंडता के प्रति समर्पण और ‘राष्ट्र प्रथम, सदैव प्रथम’ के अटल संकल्प का प्रतीक बने।”