नई दिल्ली, 12 अक्टूबर (आईएएनएस)। दिल्ली राज्य कैंसर संस्थान (डीएससीआई) ने एडहॉक आधार पर 44 दिनों के लिए अपने विभिन्न विभागों में सीनियर रेजिडेंट के कुल 36 पदों पर योग्य और इच्छुक उम्मीदवारों की नियुक्ति के लिए एक आधिकारिक अधिसूचना जारी करके रिक्तियों की घोषणा की है।
डीएससीआई की ओर से अपने जिन विभागों में सीनियर रेजिडेंट के 36 पदों पर भर्ती निकाली गई है, उनमें क्लिनिकल ऑन्कोलॉजी/रेडियोथेरेपी में 8, ऑन्को-एनेस्थीसिया में 10, न्यूक्लियर मेडिसिन में 5, ऑन्को-इमेजिंग/रेडियोडायग्नोसिस में 6, पीडियाट्रिक ऑन्कोलॉजी में 1, सर्जिकल ऑन्कोलॉजी (ईएनटी) में 2, पेन एंड पैलिएटिव केयर में 1, ऑन्को-पैथोलॉजी में 1, इंटरनल मेडिसिन में 1 और गैस्ट्रोएंटेरोलॉजी में 1 पद शामिल है।
सीनियर रेजिडेंट के इन पदों पर योग्य अभ्यर्थियों का चयन वॉक-इन इंटरव्यू, दस्तावेज सत्यापन और चिकित्सा परीक्षण के आधार पर किया जाएगा, जिसके बाद चयनित कैंडिडेट्स की सैलरी 67,700 रुपए प्रतिमाह होगी। इसके अलावा अभ्यर्थियों को अन्य लाभ और भत्ते भी दिए जाएंगे।
इंटरव्यू में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों के पास किसी मान्यता प्राप्त संस्थान या विश्वविद्यालय से एमबीबीएस, संबंधित स्पेशलिटी में पीजी डिग्री/डीएनबी/एमडी/डिप्लोमा, दिल्ली मेडिकल काउंसिल (डीएमसी) में रजिस्ट्रेशन होना चाहिए। वहीं, आवेदकों की अधिकतम आयु 45 वर्ष तय की गई है, जिसकी गणना इंटरव्यू की तारीख यानी 14 अक्टूबर 2026 के आधार पर की जाएगी।
वॉक-इन इंटरव्यू 14 अक्टूबर को ‘डीएससीआई (पूर्व) में डायरेक्टर के ऑफिस’ में सुबह 10:30 से 11:30 बजे तक आयोजित किया जाएगा। ऐसे में जो अभ्यर्थी साक्षात्कार में शामिल होने वाले हैं, उन्हें समय से केंद्र पर रिपोर्ट करने के अलावा अपने साथ भरे हुए आवेदन पत्र की हार्ड कॉपी के साथ सभी संबंधित डॉक्यूमेंट्स की मूल और फोटोकॉपी को साथ ले जाने की सलाह दी जाती है।
आवेदन पत्र डाउनलोड करने के लिए उम्मीदवार सबसे पहले डीएससीआई की आधिकारिक वेबसाइट पर जाएं। वहां संबंधित पोस्ट के लिए जारी अधिसूचना लिंक पर क्लिक करें। इसके बाद नोटिफिकेशन में दिए गए एप्लीकेशन फॉर्म को डाउनलोड कर उसका प्रिंट आउट निकाल लें। फिर फॉर्म में मांगी गई सभी जानकारियों को दर्ज करें और याद से इंटरव्यू के दिन अपने साथ केंद्र पर ले जाएं।
–आईएएएस
डीके/वीसी
