Tuesday, May 26, 2026
SGSU Advertisement
Home अपराध दिल्ली : खारी बावली में नकली मसाला फैक्ट्री का भंडाफोड़, 800 किलो...

दिल्ली : खारी बावली में नकली मसाला फैक्ट्री का भंडाफोड़, 800 किलो से ज्यादा मिलावटी सामान जब्त

0
3

नई दिल्ली, 26 मई (आईएएनएस)। दिल्ली क्राइम ब्रांच ने पुरानी दिल्ली के खारी बावली इलाके में चल रही एक अवैध मसाला बनाने वाली यूनिट का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने इस मामले में नकली और मिलावटी मसाले बनाने और उन्हें दिल्ली-एनसीआर में सप्लाई करने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान 31 वर्षीय कमलजीत के रूप में हुई है, जो मुकुंदपुर स्थित गुरु नानक देव कॉलोनी का रहने वाला है।

क्राइम ब्रांच में इस मामले को लेकर एफआईआर दर्ज की गई है। आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस के मुताबिक, 23 मई को क्राइम ब्रांच की टीम को खारी बावली इलाके में नकली मसाले बनाने की गुप्त सूचना मिली थी। इसके बाद इंस्पेक्टर अमित सोलंकी की देखरेख और एसीपी पंकज अरोड़ा के निर्देशन में एक टीम ने नया बांस स्थित मकान नंबर 98 में छापा मारा। मौके पर एक अवैध मसाला पीसने और तैयार करने की यूनिट पाई गई।

जांच के दौरान पुलिस को वहां से भारी मात्रा में मिलावटी मसाले, कृत्रिम रंग और नकली मसाले तैयार करने में इस्तेमाल होने वाला कच्चा माल मिला। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह घटिया गुणवत्ता के पदार्थों में कृत्रिम रंग, चावल के टुकड़े, मिर्च के डंठल और अन्य मिलावटी चीजें मिलाकर हल्दी पाउडर, लाल मिर्च पाउडर, पीली मिर्च पाउडर, धनिया पाउडर, अमचूर पाउडर और गरम मसाला तैयार करता था। बाद में इन्हें असली मसालों के नाम पर दिल्ली-एनसीआर के बाजारों में सप्लाई किया जाता था।

छापेमारी के दौरान खाद्य सुरक्षा विभाग के अधिकारी भी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने मसालों के नमूने लेकर उन्हें जांच के लिए लैब भेज दिया है। पुलिस ने मौके से मसाला पीसने की मशीनें, नकली मसाले बनाने का कच्चा माल और करीब 801.88 किलोग्राम मिलावटी मसाले जब्त किए हैं।

पूरी कार्रवाई की वीडियो रिकॉर्डिंग ई-साक्ष्य ऐप के जरिए की गई। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और अदालत से दो दिन की पुलिस रिमांड भी हासिल की है। अब पुलिस इस गिरोह से जुड़े अन्य लोगों, सप्लाई चेन और खरीदारों की पहचान करने में जुटी हुई है।