SGSU Advertisement
Home अपराध दिल्ली: लॉक तोड़कर चुराते थे वाहन, शाहदरा पुलिस ने दो आरोपियों को...

दिल्ली: लॉक तोड़कर चुराते थे वाहन, शाहदरा पुलिस ने दो आरोपियों को पकड़ा

0
5

नई दिल्ली, 26 सितंबर (आईएएनएस)। शाहदरा जिले की गांधी नगर पुलिस ने वाहन चोरी के मामले में बड़ी सफलता हासिल करते हुए दो शातिर आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से चोरी की दो होंडा एक्टिवा स्कूटी और एक मोबाइल फोन बरामद किए गए।

पुलिस के अनुसार, 9 सितंबर को गांधी नगर थाने में राजगढ़ कॉलोनी से स्कूटी चोरी होने की ई-एफआईआर दर्ज हुई थी। शिकायतकर्ता ने बताया था कि 8 सितंबर को उनकी स्कूटी चोरी हो गई थी।

मामले की गंभीरता को देखते हुए डीसीपी शाहदरा की निगरानी, एसीपी गांधी नगर के मार्गदर्शन और एसएचओ इंस्पेक्टर राज कुमार की देखरेख में एक विशेष टीम गठित की गई। इस टीम में एएसआई राहुल, हेड कांस्टेबल अभय पंवार, जितेंद्र, प्रमोद, विजयपाल और कांस्टेबल प्रिंस शामिल थे।

जांच के दौरान पुलिस ने दिल्ली पुलिस के कैमरों और आरोपियों के भागने वाले रास्ते पर लगे अन्य सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज में दो लोग स्कूटी का लॉक तोड़कर चोरी की गाड़ी के साथ भागते हुए दिखे। तकनीकी विश्लेषण से एक आरोपी के चेहरे की पहचान हुई। लगातार सीसीटीवी एनालिसिस, तकनीकी जांच और फील्ड वेरिफिकेशन के बाद पुलिस ने आरोपियों के ठिकाने का पता लगा लिया।

पहले आरोपी की पहचान समीर (26 वर्ष) निवासी न्यू बृजपुरी, जगतपुरी, दिल्ली के रूप में हुई। पूछताछ में समीर ने अपना जुर्म कबूल किया और बताया कि उसने अपने साथी सोहेल के साथ मिलकर चोरी की थी। समीर की निशानदेही पर दूसरे आरोपी सोहेल (20 वर्ष) निवासी ओल्ड बृजपुरी, खुरेजी खास, जगतपुरी को अलीगढ़ (उत्तर प्रदेश) से गिरफ्तार किया गया।

जांच के दौरान पुलिस ने चोरी के तीन सामान बरामद किए। पहली स्कूटी, जो 18 सितंबर को गांधी नगर थाने के ई-एफआईआर में चोरी हुई थी। दूसरी स्कूटी जो 15 सितंबर को जीटीबी एन्क्लेव थाने के इलाके से चोरी हुई थी। इसके अलावा प्रीत विहार थाना क्षेत्र से चोरी किया गया मोबाइल फोन भी बरामद किया गया।

पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। पुलिस अब यह पता लगा रही है कि इनकी भूमिका और कितने वाहन चोरी और संपत्ति से जुड़े अपराधों में है और क्या इस गैंग में कोई और सदस्य भी शामिल है।