नई दिल्ली, 30 मई (आईएएनएस)। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली समेत पूरे एनसीआर में शनिवार दोपहर के बाद मौसम अचानक से बदल गया, जिसके बाद गुरुग्राम में धूलभरी आंधी शुरू हो गई है। देखते-ही देखते दिल्ली और आसपास के इलाकों में झमाझम बारिश शुरू हो गई, जिसके बाद मौसम सुहावना हो गया और लोगों ने भीषण गर्मी में राहत की सांस ली। फिलहाल शहर में तेज हवाएं 40 से 80 किमी/घंटा की रफ्तार से चल रही हैं। इसके अलावा नोएडा के आसमान में बादल छाए हुए हैं और बारिश भी हो रही है।
वहीं, मौसम विभाग ने अगले तीन घंटों के लिए चेतावनी जारी की है। मौसम विभाग के तरफ से जारी अलर्ट में कहा गया कि पश्चिमी उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर, बागपत, अलीगढ़, गाजियाबाद, नगर, गौतमबुद्ध, मेरठ, मथुरा और हापुड़ में अगले तीन घंटे के भीतर अत्यधिक तेज हवा (60-80 किमी से 90 किलोमीटर प्रति घंटा), बिजली-गरजन के साथ ओले और तेज बारिश की संभावना है।
भारतीय मौसम विभाग (आईएमडी) के ताजा पूर्वानुमान के अनुसार, 30 और 31 मई को एनसीआर में मौसम सुहावना बना रहेगा तथा कई स्थानों पर हल्की से बहुत हल्की बारिश, गरज-चमक और तेज हवाएं चलने की संभावना है।
मौसम विभाग ने इन दोनों दिनों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, 30 मई को अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। पूर्वानुमान में ‘थंडरस्टॉर्म विद रेन,’ यानी बारिश के साथ गरज-चमक की संभावना जताई गई है। दोपहर और शाम के समय बहुत हल्की से हल्की वर्षा, बिजली चमकने तथा 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से झोंकेदार हवाएं चलने की चेतावनी दी गई है। वहीं, 31 मई को भी मौसम का मिजाज लगभग इसी प्रकार बना रहेगा।
अधिकतम तापमान 36 डिग्री सेल्सियस तथा न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। मौसम विभाग ने इस दिन भी दोपहर और शाम के समय हल्की बारिश, गरज-चमक और 40 से 50 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का अनुमान जताया है। हालांकि जून की शुरुआत के साथ मौसम फिर से गर्म होने लगेगा। 1 जून को अधिकतम तापमान 38 डिग्री और न्यूनतम 25 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।
इस दिन मौसम आंशिक रूप से बादलों वाला रहेगा और कोई चेतावनी जारी नहीं की गई है। इसके बाद 2 जून को तापमान बढ़कर 39 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है, जबकि न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। मौसम आंशिक रूप से बादलों वाला रहेगा। मौसम विभाग के अनुसार 3 जून को अधिकतम तापमान 40 डिग्री और न्यूनतम 27 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। इस दिन आसमान मुख्य रूप से साफ रहेगा।
वहीं 4 जून को अधिकतम तापमान 41 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है तथा न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। इस दौरान मौसम साफ रहने के आसार हैं और किसी प्रकार की चेतावनी जारी नहीं की गई है। मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि पश्चिमी विक्षोभ और स्थानीय मौसमी गतिविधियों के प्रभाव से अगले दो दिनों तक एनसीआर में राहत का दौर जारी रहेगा।
बारिश और तेज हवाओं के कारण दिन के तापमान में गिरावट दर्ज होगी, जिससे लोगों को भीषण गर्मी और उमस से राहत मिलेगी। हालांकि 1 जून के बाद मौसम के साफ होते ही तापमान में फिर से तेजी से बढ़ोतरी होने की संभावना है।

