Tuesday, June 23, 2026
SGSU Advertisement
Home अपराध दिल्ली: निवेश का झांसा देकर साइबर ठगी में पांच गिरफ्तार, शराब तस्करी...

दिल्ली: निवेश का झांसा देकर साइबर ठगी में पांच गिरफ्तार, शराब तस्करी में आरोपी दबोचा

0
19

नई दिल्ली, 5 मई (आईएएनएस)। दिल्ली के पूर्वी जिले में पुलिस ने दो अलग-अलग मामलों में बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध शराब तस्करी और अंतरराज्यीय साइबर ठगी गिरोह का पर्दाफाश किया है। इन दोनों मामलों में कुल छह आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है और बड़ी मात्रा में अवैध सामान तथा डिजिटल सबूत बरामद किए गए हैं।

पहले मामले में पूर्वी जिले की साइबर पुलिस ने एक अंतरराज्यीय साइबर ठगी गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। यह गिरोह ऑनलाइन निवेश और टास्क आधारित योजनाओं के जरिए देशभर में लोगों को ठग रहा था। आरोपियों को उत्तराखंड के उधम सिंह नगर जिले से पकड़ा गया है और उनके पास से पांच मोबाइल बरामद किए गए।

जांच में सामने आया कि यह गिरोह लोगों को मैसेजिंग ऐप के जरिए निवेश का लालच देकर पहले छोटे मुनाफे दिखाता था, फिर बड़ी रकम अलग-अलग बैंक खातों में ट्रांसफर करवा लेता था। बाद में इन पैसों को कई खातों के जरिए घुमाकर छिपा दिया जाता था, ताकि जांच एजेंसियों को इसका पता न चल सके। पुलिस के अनुसार, इस ठगी में तीन लाख चालीस हजार रुपए से अधिक की राशि शामिल है।

पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे म्यूल बैंक अकाउंट उपलब्ध कराते थे और बदले में कमीशन लेते थे। यह नेटवर्क देशभर में फैला हुआ था और संगठित तरीके से काम करता था। पुलिस ने बताया कि दोनों मामलों में आगे की जांच जारी है और अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है।

दूसरे मामले में पूर्वी जिले के स्पेशल स्टाफ ने कल्याणपुरी इलाके में गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया। आरोपी की पहचान 19 वर्षीय राहुल के रूप में हुई है, जो इलाके में अवैध शराब के भंडारण और बिक्री में शामिल था। पुलिस ने उसके कब्जे से लगभग 120 लीटर अवैध शराब और बीयर बरामद की है।

जब्त की गई शराब पर हरियाणा में बिक्री के लिए लेबल लगा था। पुलिस का मानना है कि यह किसी संगठित सप्लाई नेटवर्क का हिस्सा हो सकता है। आरोपी मौके पर शराब बेचते हुए पकड़ा गया और बाद में उसने अवैध कारोबार में शामिल होने की बात स्वीकार की। पुलिस इस पूरे नेटवर्क की जांच कर रही है।