Sunday, June 21, 2026
SGSU Advertisement
Home अपराध दिल्ली: तीस हजारी कोर्ट के रीडर को 20 हजार रुपए की रिश्वत...

दिल्ली: तीस हजारी कोर्ट के रीडर को 20 हजार रुपए की रिश्वत लेते सीबीआई ने किया गिरफ्तार

0
20

नई दिल्ली, 23 अप्रैल (आईएएनएस)। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) ने तीस हजारी कोर्ट में तैनात एक रीडर को रिश्वत लेते हुए रंगेहाथ गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान संजीव सदाना के रूप में हुई है, जो एएसजे-2 में रीडर के पद पर कार्यरत था।

सीबीआई की ओर से गुरुवार को जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, यह मामला 23 अप्रैल को दर्ज किया गया। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया था कि आरोपी रीडर ने उसके क्लाइंट की जमानत अर्जी को मंजूर करवाने के एवज में 30 हजार रुपए की रिश्वत मांगी थी। शिकायत मिलने के बाद सीबीआई ने तुरंत कार्रवाई करते हुए जाल बिछाने की योजना बनाई।

जांच एजेंसी ने ट्रैप ऑपरेशन के तहत 23 अप्रैल को आरोपी को उस समय पकड़ लिया, जब वह शिकायतकर्ता से 20 हजार रुपये की रिश्वत की पहली किस्त मांगते और लेते हुए पाया गया। सीबीआई टीम ने आरोपी को मौके पर ही रंगेहाथ गिरफ्तार कर लिया।

सीबीआई अधिकारियों ने बताया कि आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार से संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है और आगे की जांच जारी है। इस कार्रवाई को एजेंसी की भ्रष्टाचार के खिलाफ सख्त नीति का हिस्सा बताया जा रहा है।

सीबीआई ने आम नागरिकों से भी अपील की है कि यदि कोई सरकारी कर्मचारी रिश्वत की मांग करता है या भ्रष्टाचार से जुड़ा कोई मामला सामने आता है, तो उसकी जानकारी तुरंत एजेंसी को दें। इसके लिए लोग सीबीआई के एसीबी (एंटी करप्शन ब्रांच) कार्यालय, सीजीओ कॉम्प्लेक्स, लोधी रोड, नई दिल्ली में संपर्क कर सकते हैं या हेल्पलाइन नंबर 011-24367887 और मोबाइल नंबर 9650394847 पर शिकायत दर्ज करा सकते हैं।