SGSU Advertisement
Home राजनीति दिल्ली ट्रैफिक पुलिस की सतर्कता से झपटमार गिरफ्तार, चोरी की बाइक और...

दिल्ली ट्रैफिक पुलिस की सतर्कता से झपटमार गिरफ्तार, चोरी की बाइक और दो मोबाइल बरामद

0
3

नई दिल्ली, 22 अक्टूबर (आईएएनएस)। दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने सूझबूझ और सतर्कता दिखाते हुए एक कुख्यात झपटमार को गिरफ्तार किया है। आरोपी के पास से चोरी की मोटरसाइकिल और झपटे गए दो मोबाइल फोन बरामद हुए हैं।

ईस्टर्न रेंज ट्रैफिक पुलिस के मुताबिक, यह घटना 21 अक्टूबर की रात करीब 9:30 बजे की है। एसीपी ट्रैफिक ईस्ट अमरीक राज बिरदी और टीआई मयूर विहार सुरेंद्र कुमार की देखरेख में एसआई मनोज कुमार, एएसआई मनोज, हेड कांस्टेबल जितेंद्र और कांस्टेबल खेमा राम नोएडा लिंक रोड पर चिल्ला बॉर्डर रेड लाइट के पास ट्रैफिक ड्यूटी पर तैनात थे।

ड्यूटी के दौरान उन्होंने देखा कि एक व्यक्ति बाइक सवार का पीछा करते हुए मदद के लिए चिल्ला रहा है। स्थिति को भांपते हुए ट्रैफिक कर्मियों ने तुरंत कार्रवाई की और मोहम्मद खालिद नाम के व्यक्ति को मोटरसाइकिल सहित पकड़ लिया।

जांच में पता चला कि आरोपी के पास जो काले रंग की पल्सर एनएस-400 मोटरसाइकिल थी, उस पर नंबर प्लेट नहीं लगी थी। चेसिस नंबर और इंजन नंबर की जांच करने पर सामने आया कि यह बाइक दिल्ली के कृष्णा नगर थाने में दर्ज चोरी के मामले से जुड़ी है।

इसके अलावा आरोपी के पास से शिकायतकर्ता का झपटा गया मोबाइल और एक अन्य मोबाइल फोन भी बरामद हुआ, जो सिविल लाइंस थाने में दर्ज ई-एफआईआर के अनुसार झपटा गया था।

पूछताछ में आरोपी की पहचान मोहम्मद खालिद निवासी सनी बाजार रोड, लोनी देहात, गाजियाबाद, उत्तर प्रदेश के रूप में हुई। आरोपी पहले से ही कई आपराधिक मामलों में शामिल रहा है। उसके खिलाफ दिल्ली के अलग-अलग थानों में कई एफआईआर दर्ज हैं।

आरोपी को बरामद संपत्ति के साथ आगे की कार्रवाई के लिए स्थानीय पुलिस को सौंप दिया गया है।

दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने कहा कि ट्रैफिक कर्मियों की समय पर कार्रवाई, सतर्कता और आपसी तालमेल ने आरोपी को पकड़ने में अहम भूमिका निभाई। पुलिस उपायुक्त ट्रैफिक ईस्टर्न रेंज श्वेता सिंह चौहान ने कहा कि ट्रैफिक पुलिस के जवान न केवल सड़क अनुशासन बनाए रखने और नियमों को लागू करने का काम कर रहे हैं, बल्कि अपराध की रोकथाम में भी सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं।