देवघर, 6 अक्टूबर (आईएएनएस)। झारखंड के देवघर शहर में चोरों ने नंदन पहाड़ मोहल्ले में भारतीय स्टेट बैंक के एक एटीएम को ही उखाड़ लिया और कार में लादकर फरार हो गए। अपराधियों ने पहले गैस कटर की मदद से एटीएम को काटकर अलग किया और फिर करीब 500 मीटर तक उसे घसीटते हुए सुनसान जगह पर ले गए। इसके बाद पहले से खड़ी कार में एटीएम लादकर वहां से निकल गए।
घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। घटना नंदन पहाड़ मोहल्ले में सेवा धाम के पास लगे भारतीय स्टेट बैंक के एटीएम की है। पुलिस के अनुसार, वारदात सोमवार देर रात की है। मंगलवार तड़के करीब तीन बजे के बाद भारतीय स्टेट बैंक के पटना स्थित एटीएम नियंत्रण कार्यालय को घटना की सूचना मिली। इसके बाद स्थानीय पुलिस को जानकारी दी गई।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और आसपास के इलाके की जांच की। घटनास्थल के आसपास लगे निगरानी कैमरों के फुटेज की जांच में पता चला कि अपराधियों ने पहले गैस कटर से एटीएम को काटा। इसके बाद मशीन को वहां से घसीटते हुए करीब आधा किलोमीटर दूर एक अपेक्षाकृत सुनसान स्थान तक ले जाया गया। वहां पहले से मौजूद कार में एटीएम को लादा गया और अपराधी फरार हो गए।
पुलिस अब निगरानी कैमरों से मिले फुटेज के आधार पर अपराधियों की पहचान और उनके भागने के रास्ते का पता लगाने में जुटी है। आसपास के इलाकों में लगे अन्य कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है, ताकि कार की पहचान और उसके आने-जाने की दिशा का पता लगाया जा सके। पुलिस सुबह टहलने निकलने वाले लोगों से भी संभावित संदिग्ध गतिविधियों के बारे में जानकारी जुट रही है।
पुलिस को आशंका है कि अपराधी एटीएम को किसी सुरक्षित स्थान पर ले जाकर उसमें मौजूद नकदी निकालने का प्रयास कर सकते हैं। इसलिए उनकी पहचान और गिरफ्तारी के लिए तत्काल कार्रवाई की जा रही है। एटीएम में उस समय कितनी नकदी मौजूद थी, इसका अभी पता नहीं चल पाया है। बैंक की ओर से भी इस संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है।
पुलिस ने घटना को लेकर मामला दर्ज कर जांच तेज कर दी है। वारदात के बाद शहर में रात की सुरक्षा और गश्त व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं।
