SGSU Advertisement
Home अपराध देवरिया: भलुअनी हत्याकांड में दो आरोपी गिरफ्तार, पुलिस मुठभेड़ में एक के...

देवरिया: भलुअनी हत्याकांड में दो आरोपी गिरफ्तार, पुलिस मुठभेड़ में एक के पैर में लगी गोली

0
2

देवरिया, 13 सितंबर (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश के देवरिया जिले के भलुअनी थाना क्षेत्र में दर्ज हत्या के मुकदमे में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान चाइना अंसारी और अम्बुज विश्वकर्मा के रूप में हुई है। आरोपी चाइना अंसारी की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त कथित आलाकत्ल सोनाड़ी रोड से बरामद कर लिया है।

पुलिस अधीक्षक अभिजित आर. शंकर ने बताया कि थाना भलुअनी में दर्ज हत्या के मुकदमे से संबंधित आरोपी चाइना अंसारी एवं अम्बुज विश्वकर्मा को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी चाइना अंसारी ने बताया कि घटना में प्रयुक्त आला कत्ल सोनाड़ी रोड में एक जगह पर छिपाया गया। इस बयान के अनुसार पुलिस द्वारा आरोपी को लेकर उसकी निशानदेही पर सकुशल घटना आलाकत्ल बरामद भी किया गया।

एसपी ने बताया कि रविवार भोर के समय जब पुलिस टीम वापस लौट रही थी, अचानक एक नीलगाय गाड़ी के सामने आ गयी, इसी कारण गाड़ी फिसलकर रोड के नीचे की तरफ चला गया और उसका पहिया फंस गया। पुलिस टीम द्वारा जब गाड़ी का पहिया निकालने के लिए धक्का दिया जा रहा था, इस वक्त का फायदा उठाकर चाइना अंसारी एक सब इंस्पेक्टर का रिवाल्वर छीनकर भागने लगा और पुलिस पर फायरिंग भी की।

एसपी ने बताया कि अपनी जान बचाने के लिए पुलिस बल द्वारा जबाबी फायरिंग किया गया। जबाबी फायरिंग में चाइना अंसारी के दाहिने पैर में गोली लगी है। उसको तुरन्त ही इलाज के लिए पुलिस द्वारा हॉस्पिटल ले जाया गया, जहां पर उसकी स्थिति सामान्य बतायी जा रही है। छीना गया रिवाल्वर पुलिस द्वारा सकुशल बरामद कर लिया गया है। मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।

इसी तरह उत्तर प्रदेश की मऊ पुलिस ने एक महिला से गहने लूटने के मामले में आरोपी युवक को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया है। दो आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर भागने में सफल रहे। गिरफ्तार आरोपी की पहचान मयंक यादव के रूप में हुई है, जबकि उसके दो साथी राजा राजभर और लाला उर्फ योगेंद्र राजभर मुठभेड़ के बीच अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए। पुलिस ने आरोपी के पास से लूटा गया गहना, एक अवैध तमंचा, कारतूस और घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद की।