पटना, 3 सितंबर (आईएएनएस)। बिहार भाजपा अध्यक्ष संजय सरावगी ने देश की आर्थिक विकास दर को लेकर विपक्ष पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि मौजूदा समय में जब दुनिया के कई हिस्सों में युद्ध और आर्थिक अस्थिरता की स्थिति बनी हुई है, ऐसे समय में भारत का 7.8 प्रतिशत की विकास दर हासिल करना देश के लिए गौरव की बात है।
बिहार भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने पत्रकारों से कहा कि आर्थिक प्रगति जैसे विषयों पर राजनीति नहीं होनी चाहिए और सभी राजनीतिक दलों को देश की उपलब्धियों पर प्रसन्नता व्यक्त करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि वैश्विक स्तर पर आर्थिक चुनौतियों के बावजूद भारत दुनिया की सबसे तेज गति से बढ़ने वाली प्रमुख अर्थव्यवस्थाओं में शामिल है।
उन्होंने चीन, अमेरिका, जापान, जर्मनी और यूरोप की अन्य बड़ी अर्थव्यवस्थाओं का जिक्र करते हुए कहा कि भारत की विकास गति कई बड़े देशों से बेहतर है। यह उपलब्धि पूरे देश के लिए गर्व का विषय है।
उन्होंने विपक्ष पर कटाक्ष करते हुए कहा कि कुछ लोग भाजपा का विरोध करते-करते देश का विरोध करने की मानसिकता तक पहुंच गए हैं। अगर देश की अर्थव्यवस्था अच्छा प्रदर्शन कर रही है और आगे बढ़ रही है तो इसका स्वागत होना चाहिए। देश की उपलब्धियों को राजनीतिक चश्मे से नहीं देखा जाना चाहिए।
उन्होंने कहा कि दुनिया इस समय आर्थिक मंदी और अनिश्चितता की चुनौतियों से जूझ रही है। इसके बावजूद भारत की अर्थव्यवस्था का तेज गति से आगे बढ़ना महत्वपूर्ण उपलब्धि है। देश की आर्थिक मजबूती का लाभ आने वाले समय में आम लोगों और राज्यों को भी मिलेगा।
बिहार दिवस के अवसर पर बेंगलुरु में आयोजित हो रहे बिहार महोत्सव को लेकर भी संजय सरावगी ने खुशी जताई। उन्होंने कहा कि बेंगलुरु देश का प्रमुख आईटी और औद्योगिक केंद्र है और वहां इतने बड़े स्तर पर बिहार महोत्सव का आयोजन राज्य की बदलती पहचान को दर्शाता है।
उन्होंने कहा कि आज देशभर में बिहार को लेकर सकारात्मक माहौल बन रहा है और उद्योग जगत की नजर भी राज्य की ओर है। बेंगलुरु जैसे बड़े औद्योगिक शहर में बिहार महोत्सव का आयोजन राज्य की संस्कृति, प्रतिभा और संभावनाओं को देश के सामने रखने का महत्वपूर्ण अवसर है।
