नई दिल्ली, 17 अक्टूबर (आईएएनएस)। दिल्ली में अलग-अलग सड़क हादसों में 2 लोगों की मौत हो गई, जबकि 4 लोग घायल हुए हैं। घायलों का अस्पतालों में इलाज चल रहा है और शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। दोनों मामलों में पुलिस जांच कर रही है।
पुलिस ने बताया कि 17 अक्टूबर को रात लगभग 12:45 बजे द्वारका के सेक्टर-18 स्थित क्रेसेंट अपार्टमेंट रेड लाइट के पास एक सड़क हादसा हुआ। एक ट्रक ने दो मोटरसाइकिलों को टक्कर मार दी, जिन पर कुल चार लोग सवार थे। इस हादसे में गौरव पिता अरविंद देसवाल की सिर कुचल जाने के कारण घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि अन्य तीन घायल लोगों को पीसीआर और एम्बुलेंस के जरिए अस्पताल पहुंचाया गया।
पुलिस ने बताया कि गौरव को इंदिरा गांधी अस्पताल में डॉक्टरों ने उसे ‘ब्रॉट डेड’ (मृत अवस्था में लाया गया) घोषित किया। शव को डीडीयू अस्पताल की मोर्चरी में रखा गया है। हितेश (18) को इंदिरा गांधी अस्पताल से आगे के इलाज के लिए बड़े अस्पताल (हायर सेंटर) में रेफर कर दिया गया है। हर्षित पुत्र हेमंत (20) को पहले इंदिरा गांधी अस्पताल ले जाया गया, बाद में आगे के इलाज के लिए किसी बड़े अस्पताल (हायर सेंटर) में रेफर कर दिया गया। गंभीर हालत में ध्रुव (23) मैक्स अस्पताल में भर्ती है।
ट्रक चालक होतम सिंह (41) निवासी आगरा को पुलिस ने पकड़ लिया गया है। दुर्घटना में शामिल ट्रक और दोनों मोटरसाइकिलों को जब्त कर लिया गया है। इस मामले में एफआईआर दर्ज की गई है और आगे की जांच जारी है।
दिल्ली पुलिस ने बताया कि डीबीजी रोड इलाके में एक डीटीसी बस के नीचे स्कूटी आ गई, जिससे स्कूटी पर सवार दोनों लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। अस्पताल पहुंचने से पहले एक व्यक्ति की मौत हो गई है, जबकि दूसरे का इलाज चल रहा है। फिलहाल अभी मृतक और घायलों की पहचान नहीं हो सकी है।
