Friday, August 14, 2026
SGSU Advertisement
Home राष्ट्रीय 16-17 अगस्त को दो दिवसीय दौरे पर बिहार जाएंगे मुख्य चुनाव आयुक्त...

16-17 अगस्त को दो दिवसीय दौरे पर बिहार जाएंगे मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार

0
4

नई दिल्ली, 14 अगस्त (आईएएनएस)। भारत निर्वाचन आयोग के मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल के साथ 16 और 17 अगस्त को दो दिवसीय बिहार दौरे पर रहेंगे।

प्रतिनिधिमंडल में वरिष्ठ उप निर्वाचन आयुक्त मनीष गर्ग, महानिदेशक (मीडिया) आशीष गोयल, महानिदेशक (आईटी) डॉ. सीमा खन्ना सहित आयोग के अन्य वरिष्ठ अधिकारी शामिल होंगे। जानकारी के मुताबिक, पटना स्थित जयप्रकाश नारायण अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर बिहार के मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी विनोद सिंह गुंजियाल, पटना के जिलाधिकारी कुंदन कुमार और अन्य वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा प्रतिनिधिमंडल का स्वागत किया जाएगा।

कार्यक्रम के मुताबिक, 17 अगस्त को मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार नालंदा विश्वविद्यालय के सुषमा स्वराज सभागार में लगभग 500 बूथ लेवल अधिकारियों के साथ संवाद करेंगे।

पिछले एक वर्ष के दौरान ज्ञानेश कुमार ने विभिन्न राज्यों के दौरे के दौरान बीएलओ के साथ नियमित संवाद किया है। इसी क्रम को आगे बढ़ाते हुए नालंदा में होने वाला यह संवाद बीएलओ के अनुभवों, जमीनी चुनौतियों तथा निर्वाचन प्रक्रिया को और अधिक प्रभावी एवं सुगम बनाने के उपायों पर सीधे विचार-विमर्श का महत्वपूर्ण अवसर प्रदान करेगा।

दौरे का एक अन्य प्रमुख आकर्षण पटना के ज्ञान भवन में निर्वाचन साक्षरता क्लब 2.0 एवं इसीआईएनईटी पर एक दिवसीय सम्मेलन होगा, जिसमें मुख्य निर्वाचन आयुक्त मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। सम्मेलन में बिहार के 400 से अधिक शैक्षणिक संस्थानों से हजारों विद्यार्थी, शिक्षक, विश्वविद्यालयों के कुलपति तथा महाविद्यालयों एवं विद्यालयों के प्राचार्य एवं संस्थान प्रमुख भाग लेंगे।

भारत निर्वाचन आयोग के वरिष्ठ अधिकारियों के अलावा विशिष्ट अतिथियों के रूप में बिहार के मुख्य सचिव, विकास आयुक्त, अपर मुख्य सचिव, प्रधान सचिव तथा शिक्षा, स्वास्थ्य, विज्ञान एवं प्रौ‌द्योगिकी एवं तकनीकी शिक्षा विभागों के सचिव शामिल होंगे।