SGSU Advertisement
Home अपराध डॉक्टरों से बदसलूकी पर शिवसेना का सख्त एक्शन, पालघर शहर प्रमुख राहुल...

डॉक्टरों से बदसलूकी पर शिवसेना का सख्त एक्शन, पालघर शहर प्रमुख राहुल घरत निलंबित

0
3

पणजी/मुंबई, 7 सितंबर (आईएएनएस)। पालघर के एक निजी अस्पताल में डॉक्टरों के साथ हुए दुर्व्यवहार का शिवसेना के मुख्य नेता और राज्य के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने गंभीरता से संज्ञान लिया है। इस मामले में उन्होंने शिवसेना पालघर शहर प्रमुख राहुल घरत को पार्टी से निलंबित करने की घोषणा की है।

गोवा में आयोजित पश्चिम विभागीय परिषद की बैठक के बाद पत्रकारों से बातचीत में उपमुख्यमंत्री शिंदे ने यह जानकारी दी।

उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने कहा कि पालघर में हुई घटना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। डॉक्टरों या अस्पताल के अन्य कर्मचारियों के साथ मारपीट करना किसी भी स्थिति में उचित नहीं है। ऐसी घटनाओं का शिवसेना कभी समर्थन नहीं करेगी। उन्होंने कहा कि अगर मरीज के साथ किसी तरह की लापरवाही या गलत व्यवहार हुआ था, तो इसकी कानूनी शिकायत की जानी चाहिए थी। किसी को भी कानून अपने हाथ में लेना उचित नहीं है और शिवसेना इसका समर्थन नहीं करेगी।

उपमुख्यमंत्री शिंदे ने कहा कि डॉक्टर के साथ मारपीट करने के मामले में शिवसेना पालघर शहर प्रमुख राहुल घरत को निलंबित किया जाएगा और उन्हें पार्टी से निष्कासित किया जाएगा।

उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं को स्पष्ट चेतावनी देते हुए कहा कि किसी भी परिस्थिति में डॉक्टरों के साथ मारपीट बर्दाश्त नहीं की जाएगी और शिवसेना ऐसी किसी भी घटना का समर्थन नहीं करेगी।

गोवा चुनाव को लेकर शिवसेना की क्या भूमिका होगी? इन सवालों का जवाब देते हुए एकनाथ शिंदे ने कहा कि महाराष्ट्र और केंद्र में शिवसेना भाजपा के साथ गठबंधन में है। शिवसेना और भाजपा समान विचारधारा वाले मित्र दल हैं। गोवा में चुनाव की घोषणा होने के बाद शिवसेना अपनी भूमिका तय करेगी।

उबाठा की नगरसेविका के विशाखा राउत के द्वारा गलत जानकारी देने के बाद उनकी सदस्यता रद्द कर दी गई। इस पर एकनाथ शिंदे जी ने अपनी भूमिका रखते हुए कहा कि झूठे दस्तावेज प्रस्तुत कर या महत्वपूर्ण जानकारी छिपाकर चुनाव लड़ने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।