Tuesday, August 11, 2026
SGSU Advertisement
Home Student & Youth डीआरडीओ-एसएसपीएल में पेड इंटर्नशिप का सुनहरा मौका, 30 सितंबर तक करें आवेदन

डीआरडीओ-एसएसपीएल में पेड इंटर्नशिप का सुनहरा मौका, 30 सितंबर तक करें आवेदन

0
5

नई दिल्ली, 11 अगस्त (आईएएनएस)। रक्षा अनुसंधान एवं विकास संगठन (डीआरडीओ) की एक प्रमुख प्रयोगशाला, सॉलिड स्टेट फिजिक्स लेबोरेटरी (एसएसपीएल), लखनऊ रोड, तिमारपुर, दिल्ली ने 6 महीने की अवधि के लिए दिसंबर 2026/जनवरी 2027 से शुरू होने वाली पेड इंटर्नशिप के लिए कुल 65 पदों पर योग्य और इच्छुक उम्मीदवारों से आवेदन अपनी आधिकारिक वेबसाइट पर एक ऑफिशियल नोटिफिकेशन जारी करके मांगे हैं।

डीआरडीओ-एसएसपीएल ने जिन स्ट्रीम/विषय-क्षेत्र के आधार पर 65 पदों पर इंटर्नशिप निकाली है, उनमें भौतिकी/रसायन विज्ञान/इलेक्ट्रॉनिक्स/इलेक्ट्रिकल/मैटीरियल साइंस/क्वांटम टेक्नोलॉजी/लेजर ऑप्टिक्स और सेमीकंडक्टर डिवाइस शामिल हैं।

इंटर्नशिप के इन सभी रिक्तियों के लिए ऑफलाइन माध्यम से आवेदन प्रक्रिया शुरू हो गई है और अप्लाई करने की अंतिम तिथि 30 सितंबर तक की गई है। ऐसे में एप्लीकेशन फॉर्म भरने के इच्छुक उम्मीदवारों को सलाह दी जाती है कि वे तय अंतिम तिथि तक या उससे पहले अपना रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया सफलतापूर्वक पूरा कर लें।

डीआरडीओ-एसएसपीएल में इंटर्नशिप के लिए वे उम्मीदवार ही आवेदन करने के पात्र हैं, जो केवल अंतिम वर्ष के छात्र (यानी अंतिम सेमेस्टर के छात्र) हैं। वहीं योग्य अभ्यर्थियों का चयन आवेदनों की स्क्रीनिंग और इंटरव्यू के आधार पर किया जाएगा, जिसके बाद चयनित कैंडिडेट्स को इंटर्नशिप के दौरान 5,000 रुपए प्रतिमाह स्टाइपेंड के तौर पर दिए जाएंगे।

आवेदन करने के लिए उम्मीदवार सबसे पहले डीआरडीओ की आधिकारिक वेबसाइट पर जाएं। होमपेज पर जाने के बाद संबंधित पोस्ट के लिए जारी अधिसूचना लिंक पर क्लिक करें। इसके बाद नोटिफिकेशन में दिए गए एप्लीकेशन फॉर्म को डाउनलोड कर उसके प्रिंट आउट निकाल लें।

फिर फॉर्म में मांगी गई सभी जानकारियों को दर्ज करें। संबंधित सभी डॉक्यूमेंट्स को आवेदन के साथ अटैच करें। इसके बाद सभी को एक लिफाफे में डालकर उसे ‘निदेशक, एसएसपीएल, एचआरडी, डीआरडीओ लखनऊ रोड, तिमारपुर, दिल्ली – 110054’ पते पर तय समय सीमा के अंदर डाक के माध्यम से पहुंचा दें।

कैंडिडेट्स ध्यान दें कि इंटर्नशिप की अवधि कम से कम 4 हफ्ते और ज्यादा से ज्यादा 6 महीने की होगी, हालांकि सिर्फ उन्हीं उम्मीदवारों को संबंधित लैब/संस्थान से इलेक्ट्रॉनिक ट्रांसफर के जरिए 5,000 रुपए प्रति माह का स्टाइपेंड मिलेगा, जिन्हें 6 महीने की अवधि के लिए इंटर्नशिप ऑफर की गई है।

उम्मीदवारों को पूरे समय का स्टाइपेंड इलेक्ट्रॉनिक ट्रांसफर से दो बराबर किश्तों में दिया जाएगा यानी 3 महीने पूरे होने पर 15,000 रुपए और इंटर्नशिप के 6 महीने पूरे होने पर 15,000 रुपए दिए जाएंगे और रेगुलरिटी काउंट करने के लिए महीने में कम से कम 15 दिन की अटेंडेंस जरूरी होगी।