नई दिल्ली, 10 सितंबर (आईएएनएस)। भारत के पूर्व कप्तान सौरव गांगुली ने गुरुवार को दलीप ट्रॉफी का खिताब जीतने पर कप्तान ईशान किशन और ईस्ट जोन को बधाई दी है। उन्होंने टीम के बिना कोई मैच हारे टूर्नामेंट जीतने के सफर और बंगाल के खिलाड़ियों के योगदान की तारीफ की।
गांगुली ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर लिखा, “ईशान किशन की कप्तानी में इतने वर्षों बाद दलीप ट्रॉफी जीतने पर ईस्ट जोन को बधाई। वह पूरे टूर्नामेंट में बिना कोई मैच हारे खेले। पूरे टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन करने वाले बंगाल के खिलाड़ियों और टीम के बाकी सदस्यों को बहुत-बहुत बधाई।”
चेन्नई के एमए चिदंबरम स्टेडियम में साउथ जोन में पहली पारी के आधार पर 372 रनों की विशाल बढ़त हासिल करने के चलते ईस्ट जोन ने 13 साल का सूखा खत्म करते हुए दलीप ट्रॉफी के खिताब को अपने नाम किया। इससे पहले, टीम ने आखिरी बार यह खिताब 2012-13 में जीता था।
ईस्ट जोन को चैंपियन बनाने में कप्तान ईशान किशन का योगदान बेहद अहम रहा। उन्होंने फाइनल मुकाबले की पहली पारी में शानदार बल्लेबाजी करते हुए 270 रनों की दमदार पारी खेली। वहीं, दूसरी इनिंग में उन्होंने 80 रनों की दमदार पारी खेली। ईशान की उम्दा पारी के बूते ईस्ट जोन ने पहली इनिंग में 708 रन स्कोरबोर्ड पर लगाए। इसके जवाब में साउथ जोन की पूरी टीम 336 रन बनाकर ऑलआउट हुई और ईस्ट जोन ने 372 रनों की बड़ी बढ़त हासिल की।
ईशान के अलावा, ईस्ट जोन की तरफ से कुमार कुशाग्र ने भी बेहतरीन बल्लेबाजी की और 101 रनों की शानदार पारी खेली। दूसरी पारी में भी ईस्ट जोन के बल्लेबाजों ने बेहतरीन खेल दिखाया। पहली पारी में 40 रन बनाने वाले मोहम्मद कौनेन कुरैशी ने दूसरी इनिंग में 116 रनों की नाबाद पारी खेली और फर्स्ट-क्लास क्रिकेट में अपना पहला शतक लगाया। अनुकूल रॉय ने 64 रनों का योगदान दिया। कुरैशी और अनुकूल ने सातवें विकेट के लिए 150 रन जोड़े, जिसके चलते दूसरी पारी में ईस्ट जोन ने 7 विकेट खोकर 388 रन बनाए। नतीजे की पुष्टि होने के बाद, ईस्ट जोन के खिलाड़ियों ने एमए चिदंबरम मैदान पर जमकर जश्न मनाया।
