SGSU Advertisement
Home खेल साउथ जोन के कप्तान तिलक ने गेंदबाजों को ठहराया हार के लिए...

साउथ जोन के कप्तान तिलक ने गेंदबाजों को ठहराया हार के लिए जिम्मेदार, बोले- हमें ईस्ट जोन ने पूरी तरह मात दी

0
3

चेन्नई, 10 सितंबर (आईएएनएस)। साउथ जोन का दलीप ट्रॉफी के खिताब को जीतने का सपना साकार नहीं हो सका। ईस्ट जोन ने पहली पारी के आधार पर ली 372 रनों की विशाल बढ़त के बूते खिताब को अपने नाम किया। साउथ जोन के कप्तान तिलक वर्मा ने हार के लिए खराब गेंदबाजी को जिम्मेदार ठहराया।

फाइनल मुकाबला के बाद तिलक ने कहा, “सच कहूं तो यह हमारे लिए निराशाजनक है, लेकिन इस गेम से हमने बहुत कुछ सीखा है। उम्मीद है कि हम और मजबूत होकर वापसी करेंगे। पहले दिन हम बेहतर कर सकते थे, लेकिन जब उन्होंने 700 रन बनाए तो उन्होंने गेम पर अपनी पकड़ बना ली। हर कोई जानता है कि 700 रनों का पीछा करना थोड़ा मुश्किल होता है। लेकिन फिर भी, उनके बल्लेबाजों को इसका श्रेय जाता है। उन्होंने शानदार बल्लेबाजी की।”

तिलक ने आगे कहा, “हालांकि, कुछ ऐसे मौके थे जिनका हम फायदा उठा सकते थे, पर सच कहूं तो हमारी गेंदबाजी उतनी अच्छी नहीं रही। हम बस अगले तीन दिनों तक बल्लेबाजी करने के बारे में सोच रहे थे। हमने अपनी पूरी कोशिश की। अगर हम तीन दिन तक खेलते, तो कौन जाने, हम 700 रन बना सकते थे; वरना मैच ड्रॉ हो जाता। मगर हमने अपनी पूरी कोशिश की, और फिर भी श्रेय उन्हें ही जाता है। उन्होंने हमें पूरी तरह से मात दी।”

ईस्ट जोन द्वारा पहली पारी में बनाए गए 708 रनों के जवाब में साउथ जोन की पूरी टीम पहली इनिंग में 336 रन बनाकर ऑलआउट हुई। टीम की ओर से तिलक वर्मा ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 99 रनों की पारी खेली, जबकि देवदत्त पडिक्कल ने 62 रनों का योगदान दिया। हालांकि, इन दोनों के अलावा, टीम के बल्लेबाजों ने ईस्ट जोन के गेंदबाजों के आगे आसानी से घुटने टेक दिए।

गेंदबाजी में मोहम्मद सिराज, श्रेयस गोपाल और एमडी निधेश कुछ खास कमाल नहीं दिखा सके। सिराज ने दोनों पारियों को मिलाकर 41 ओवर का स्पेल डाला, लेकिन वह सिर्फ एक विकेट ही चटका सके। ईस्ट जोन की तरफ से पहली पारी में 270 और दूसरी इनिंग में 80 रनों की दमदार पारी खेलने वाले ईशान किशन को ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ चुना गया।