SGSU Advertisement
Home खेल दूसरा वनडे: कप्तान इरास्मस ने 156 रन जड़कर इतिहास रचा, नामीबिया ने...

दूसरा वनडे: कप्तान इरास्मस ने 156 रन जड़कर इतिहास रचा, नामीबिया ने आयरलैंड को 31 रन से हराया

0
4

विंडहोक, 24 अक्टूबर (आईएएनएस)। नामीबिया ने शनिवार को नामिबिया क्रिकेट ग्राउंड पर खेले गए वनडे सीरीज के दूसरे मैच में आयरलैंड के खिलाफ 31 रन से जीत हासिल की। इसी के साथ मेजबान देश ने 5 मुकाबलों की सीरीज में 1-1 से बराबरी हासिल कर ली है। बल्ले से 156 रन की नाबाद पारी और गेंद से 2 विकेट हासिल करने वाले नामीबियाई कप्तान गेरहार्ड इरास्मस को ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ चुना गया।

आयरलैंड ने सीरीज का पहला मैच 55 रन से अपने नाम किया था। दोनों देशों के बीच वनडे इतिहास में अब तक सिर्फ 2 ही मैच खेले गए हैं। दोनों मैच इसी सीरीज में खेले गए हैं। ऐसे में नामीबिया ने इस टीम के विरुद्ध वनडे इतिहास में पहली जीत दर्ज की है। अब सीरीज के अगले मैच 27 अक्टूबर, 30 अक्टूबर और 1 नवंबर को आयोजित होंगे।

टॉस गंवाकर बल्लेबाजी के लिए उतरी नामीबियाई टीम ने निर्धारित ओवरों में 6 विकेट खोकर 321 रन बनाए। मेजबानों ने महज 4 के स्कोर पर लॉरेन स्टीनकैम्प (0) का विकेट गंवा दिया था। इसके बाद माइकल वैन लिंगेन ने जान फ्रिलिंक के साथ दूसरे विकेट के लिए 45 रन जोड़े।

लिंगेन 4 बाउंड्री के साथ 22 रन बनाकर आउट हुए, जिसके साथ 49 के स्कोर पर नामीबिया को दूसरा झटका लग गया। यहां से कप्तान गेरहार्ड इरास्मस ने मोर्चा संभला। उन्होंने जान फ्रिलिंक के साथ तीसरे विकेट के लिए 135 गेंदों में 117 रन जुटाकर टीम को मजबूत स्थिति में ला दिया।

फ्रिलिंक 90 गेंदों में 2 छक्कों और 6 चौकों के साथ 76 रन बनाकर आउट हुए, जिसके बाद कप्तान ने जान निकोल लॉफ्टी-ईटन (15) के साथ चौथे विकेट के लिए 45 रन की साझेदारी की। इसके बाद अलेक्जेंडर वोल्शेंक (30) के साथ छठे विकेट के लिए 40 गेंदों में 92 रन की साझेदारी करते हुए टीम को 300 के पार पहुंचा दिया।

इरास्मस 125 गेंदों में 4 छक्कों और 14 चौकों के साथ 156 रन बनाकर नाबाद रहे। ऐसा पहली बार था, जब वनडे फॉर्मेट में किसी नामीबियाई बल्लेबाज ने 150 रन का आंकड़ा छुआ। विपक्षी खेमे से गैविन होए ने सर्वाधिक 3 विकेट हासिल किए, जबकि जय मूंदड़ा, बायरन मैकडोनो और कर्टिस कैंफर ने 1-1 विकेट झटका।

इसके जवाब में, आयरलैंड की टीम 47.3 ओवरों में सिर्फ 290 रन पर सिमट गई। सलामी जोड़ी के रूप में एंड्रयू बालबर्नी ने कप्तान पॉल स्टर्लिंग के साथ पहले विकेट के लिए 54 रन की साझेदारी की। बालबर्नी 34 गेंदों में 22 रन बनाकर पवेलियन लौटे, जिसके बाद स्टर्लिंग ने केड कारमाइकल के साथ दूसरे विकेट के लिए 44 रन जोड़कर टीम को 98 के स्कोर तक पहुंचा दिया।

पॉल स्टर्लिंग 71 गेंदों में 3 छक्कों और 8 चौकों के साथ 77 रन बनाकर आउट हुए, जबकि कारमाइकल ने 12 रन की पारी खेली। इस टीम ने 125 के स्कोर तक अपने 5 विकेट खो दिए थे, जिसके बाद कर्टिस कैम्फर ने जॉर्ज डॉकरेल के साथ छठे विकेट के लिए 85 रन जोड़कर टीम को 229 के स्कोर तक पहुंचाया। इसके बाद गैविन होए ने जय मूंदड़ा के साथ नौवें विकेट के लिए 58 रन की साझेदारी की, लेकिन टीम को जीत नहीं दिला सके।

कैम्फर 3 बाउंड्री के साथ 45 रन बनाकर आउट हुए, जबकि डॉकरेल ने 48 रन का योगदान टीम के खाते में दिया। इनके अलावा, गैविन ने 31 रन की पारी खेली। विपक्षी खेमे से जैक ब्रासेल ने 52 रन देकर 4 विकेट निकाले, जबकि गेरहार्ड इरास्मस ने 2 विकेट चटकाए।