चंडीगढ़, 20 मई (आईएएनएस)। मेडिकल क्षेत्र से जुड़े लोगों के लिए पूर्व सैनिक अंशदायी स्वास्थ्य योजना (एक्स-सर्विसमैन कंट्रीब्यूटरी हेल्थ स्कीम – ईसीएचएस) ने श्री गंगानगर और हनुमानगढ़ स्थित ईसीएचएस पॉलीक्लिनिक में संविदा आधार पर चिकित्सा अधिकारी, दंत अधिकारी, पैरामेडिकल और गैर-चिकित्सा कर्मचारियों के विभिन्न 9 पदों पर नियुक्ति के लिए एक आधिकारिक अधिसूचना जारी करके आवेदन आमंत्रित किए हैं।
ईसीएचएस की ओर से जारी रिक्तियों में प्रभारी अधिकारी (केवल ईएसएम के लिए), चिकित्सा अधिकारी, दंत चिकित्सा अधिकारी, फार्मासिस्ट, नर्सिंग सहायक, दंत स्वच्छता सहायक, एम्बुलेंस चालक और महिला परिचारिका के 1-1 पद शामिल हैं।
इन सभी पोस्ट के लिए ऑफलाइन माध्यम से आवेदन प्रक्रिया शुरू हो गई है और अप्लाई करने की अंतिम तिथि 6 जून तय की गई है। ऐसे में जो पात्र और इच्छुक उम्मीदवार एप्लीकेशन फॉर्म भरना चाहते हैं, उन्हें तय समय सीमा के अंदर अपना रजिस्ट्रेशन फॉर्म जमा करने की सलाह दी जाती है।
आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों के पास किसी मान्यता प्राप्त संस्थान या विश्वविद्यालय से संबंधित पद अनुसार ग्रेजुएशन, एमबीबीएस, बीडीएस, डी फार्मा के साथ पंजीकृत फार्मासिस्ट, जीएनएम, दंत चिकित्सा में डिप्लोमा, 8वीं उत्तीर्ण और साक्षर होने चाहिए। इसी के साथ कैंडिडेट्स के पास प्रासंगिक क्षेत्र में 3 से 5 वर्षों का अनुभव होना भी अनिवार्य है।
योग्य अभ्यर्थियों का चयन शैक्षणिक योग्यता और अनुभव के आधार पर शॉर्टलिस्टिंग, इंटरव्यू और डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन के आधार पर किया जाएगा, जिसके बाद चयनित कैंडिडेट्स की सैलरी पद अनुसार 21,800 से 95,000 रुपए के बीच प्रति माह होगी।
आवेदन करने के लिए उम्मीदवार सबसे पहले ईसीएचएस की आधिकारिक वेबसाइट पर जाएं। होमपेज पर जाने के बाद संबंधित पद के लिए दिए गए एप्लीकेशन फॉर्म को डाउनलोड कर उसका प्रिंट आउट निकाल लें। फिर फॉर्म में मांगी गई सभी जानकारियों को दर्ज करें। संबंधित सभी डॉक्यूमेंट्स की फोटोकॉपी को आवेदन के साथ अटैच करें। इसके बाद सभी को एक लिफाफे में डालने के बाद उसे ‘ईसीएचएस सेल, स्टेशन मुख्यालय, श्री गंगानगर, पिन कोड 900291 और सिविल पिन कोड 335001, सी/ओ 56 एपीओ’ पते पर डाक कर दें।
बता दें कि यह नियुक्ति 11 महीने की अवधि के लिए है।

