ईएसआईसी अस्पताल में सीनियर रेजिडेंट सहित 50 पदों पर भर्ती का मौका, वॉक-इन इंटरव्यू की तारीख तय, जानें डिटेल

0
4

नई दिल्ली, 11 मई (आईएएनएस)। मेडिकल क्षेत्र से जुड़े लोगों के लिए कर्मचारी राज्य बीमा निगम (ईएसआईसी), अस्पताल, ओखला, ने विभिन्न विभागों में संविदात्मक आधार पर अलग-अलग कुल 50 पदों पर भर्ती के लिए एक आधिकारिक अधिसूचना जारी करके रिक्तियों की घोषणा की है।

ईएसआईसी ने जिन विभागों में कुल 50 पदों पर भर्ती निकाली है, उनमें सीनियर रेजिडेंट के 33 पद- एनेस्थिसियोलॉजी के साथ आईसीयू से 5, छाती विभाग में 1, स्त्री रोग विभाग से 3, सूक्ष्मजीव विज्ञान से 1, नेत्र विज्ञान से 2, हड्डी रोग विभाग से 1, पैथोलॉजी विभाग से 1, बाल रोग विभाग के साथ एनआईसीयू से 6, रेडियोलॉजी से 2, सर्जरी विभाग से 5, हृदय रोग विभाग से 2, मेडिकल ऑन्कोलॉजी विभाग से 1, नेफ्रोलॉजी विभाग से 1, गैस्ट्रोएंटरोलॉजी विभाग से 1, एंडोक्रिनोलॉजी विभाग से 1, और दुर्घटना एवं आपातकालीन स्थिति विभाग से 3 पद हैं।

स्पेशलिस्ट (विशेषज्ञ) के 8 पदों में छाती विभाग से 1, चिकित्सा विभाग से 4, पैथोलॉजी विभाग से 1, और रेडियोलॉजी विभाग से 2 पद शामिल हैं। वहीं, सुपर स्पेशलिस्ट के 6 पद- कार्डियोलॉजी, मेडिकल ऑन्कोलॉजी, नेफ्रोलॉजी, गैस्ट्रोएंटरोलॉजी, न्यूरोलॉजी, और रूमेटोलॉजी विभाग से शामिल हैं।

इन पदों के लिए उम्मीदवारों के पास किसी भी मान्यता प्राप्त संस्थान या विश्वविद्यालय से संबंधित विशेषज्ञता में मास्टर डिग्री या डिप्लोमा; एमबीबीएस के साथ 2 वर्ष का अनुभव, जिसमें से 1 वर्ष संबंधित विशेषज्ञता में हो; या एमबीबीएस के साथ पोस्ट-ग्रेजुएशन डिग्री/डिप्लोमा के साथ 3/5 वर्ष का अनुभव; या एमबीबीएस के साथ एमडी/एमएस/डीएनबी के साथ डीएम/एमसीएच/डीएनबी सुपर स्पेशलिटी पद के लिए होना चाहिए। इसी के साथ कैंडिडेट्स के पास संबंधित पद अनुसार प्रासंगिक क्षेत्र में अन्य निर्धारित पात्रता का होना भी अनिवार्य है।

उम्मीदवारों की अधिकतम आयु सीनियर रेजिडेंट पद के लिए 45 वर्ष तय की गई है, जिसकी गणना 19 मई के आधार पर की जाएगी। वहीं, आरक्षित श्रेणी से आने वाले कैंडिडेट्स को नियमानुसार अधिकतम आयु सीमा में छूट दी जाएगी। वहीं, स्पेशलिस्ट और सुपर स्पेशलिस्ट पदों के लिए आवेदन की अधिकतम आयु 69 वर्ष तय की गई है, जिसकी गणना 20 मई के आधार पर की जाएगी।

योग्य अभ्यर्थियों का चयन वॉक-इन इंटरव्यू और डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन के आधार पर किया जाएगा, जिसके बाद चयनित कैंडिडेट्स की सैलरी पद अनुसार 67,700 से 2,40,000 रुपए के बीच प्रति माह होगी। इसी के साथ कैंडिडेट्स को अन्य लाभ और भत्ते भी दिए जाएंगे।

वॉक-इन इंटरव्यू सीनियर रेजिडेंट पद के लिए 19 मई और स्पेशलिस्ट/सुपर स्पेशलिस्ट पदों के लिए 20 मई को ‘ईएसआईसी अस्पताल, ओखला, नई दिल्ली’ पते पर आयोजित किए जाएंगे। ऐसे में जो पात्र उम्मीदवार साक्षात्कार में शामिल होने वाले हैं, उनके लिए रिपोर्टिंग का समय सुबह 9 बजे से 11 बजे के बीच तय किया गया है।

वहीं, इंटरव्यू में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों को आवेदन पत्र की हार्ड कॉपी के साथ मैट्रिकुलेशन प्रमाणपत्र, आयु प्रमाण पत्र, जाति प्रमाण पत्र, एमबीबीएस, डिप्लोमा/डिग्री प्रमाण पत्र, एमबीबीएस और डिप्लोमा/पीजी के प्रयास प्रमाण पत्र, वैध डीएमसी/एमसीआई/राज्य पंजीकरण प्रमाण पत्र और अनुभव प्रमाण पत्र की मूल कॉपी और उनके प्रिंट आउट के अलावा दो हालिया पासपोर्ट आकार की तस्वीरें भी ले जानी होंगी। इसी के साथ कैंडिडेट्स को निवास प्रमाण भी लाना होगा।

इंटरव्यू में शामिल होने वाले उम्मीदवारों को अपने वर्ग अनुसार निर्धारित रजिस्ट्रेशन शुल्क का भुगतान करना होगा, जो सामान्य/ओबीसी/ईडब्ल्यूएस के लिए 500 रुपए है। वहीं, अनुसूचित जाति/अनुसूचित जनजाति/पीएच और महिला उम्मीदवारों को रजिस्ट्रेशन फीस में छूट दी गई है। कैडिडेट्स ध्यान दें, इच्छुक उम्मीदवारों का पंजीकरण इंटरव्यू के दिन ही निर्धारित पते पर किया जाएगा।

आवेदन पत्र डाउनलोड करने के लिए उम्मीदवार सबसे ईएसआईसी-अस्पताल की आधिकारिक वेबसाइट पर जाएं। होमपेज पर जाने के बाद संबंधित पदों के लिए जारी नोटिफिकेशन लिंक पर क्लिक करें। इसके बाद अधिसूचना में दिए गए एप्लीकेशन फॉर्म को डाउनलोड कर उसका प्रिंट आउट निकाल लें। फिर फॉर्म में मांगी गई सभी जानकारियों को दर्ज करें और इंटरव्यू के दिन याद से सभी संबंधित डॉक्यूमेंट्स के साथ केंद्र पर ले जाएं।