ग्रेटर नोएडा, 5 अक्टूबर (आईएएनएस)। ग्रेटर नोएडा के जेवर थाना क्षेत्र के ग्राम नीमका में रविवार देर रात कहासुनी के दौरान हुए विवाद ने खूनी रूप ले लिया। विवाद के बाद एक युवक पर फावड़े से हमला कर उसकी हत्या कर दी गई। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। सूचना मिलने के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। स्थानीय पुलिस के साथ ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी तत्काल मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने मामले में मुकदमा दर्ज कर आरोपी की गिरफ्तारी के लिए कई टीमों का गठन किया है।
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, दिनांक 4 अक्टूबर की देर रात थाना जेवर क्षेत्र के ग्राम नीमका में भोले शंकर की हत्या किए जाने की सूचना पुलिस को प्राप्त हुई थी। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और उच्चाधिकारी मौके पर पहुंचे। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि किसी बात को लेकर मृतक और आरोपी के बीच कहासुनी हुई थी। इसी दौरान विवाद बढ़ गया और आरोपी ने कथित तौर पर फावड़े से युवक की गर्दन पर हमला कर दिया। गंभीर चोट लगने के कारण युवक की मौत हो गई।
घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। पुलिस ने घटनास्थल को सुरक्षित करते हुए वहां से साक्ष्य जुटाने की कार्रवाई शुरू की। फोरेंसिक टीम और फील्ड यूनिट को भी मौके पर बुलाया गया। टीमों ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य एकत्र किए हैं, ताकि हत्या की पूरी परिस्थितियों का पता लगाया जा सके। पुलिस ने मृतक के शव का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर मौत के कारण और चोटों की स्थिति को लेकर भी स्थिति और स्पष्ट होगी।
वहीं, पुलिस की अलग-अलग टीमें आरोपी की तलाश में जुटी हुई हैं। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, जांच के दौरान घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। इसके अलावा प्रत्यक्षदर्शियों और अन्य संभावित लोगों से भी पूछताछ की जा रही है। जांच, सीसीटीवी फुटेज के अवलोकन और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने आरोपी की पहचान कर ली है। अब उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमों को लगाया गया है।
पुलिस का कहना है कि आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर घटना का सफल अनावरण किया जाएगा। इसके बाद आरोपी के खिलाफ हत्या के मामले में कठोर कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। फिलहाल पुलिस आरोपी की तलाश के साथ-साथ हत्या के पीछे की पूरी वजह और विवाद की वास्तविक परिस्थितियों की जांच कर रही है।
–आईएएनएस
पीकेटी/पीएम
