SGSU Advertisement
Home Student & Youth एफएसएल भर्ती 2026: इंटर्न के 75 पदों पर आवेदन जारी, जानें योग्यता...

एफएसएल भर्ती 2026: इंटर्न के 75 पदों पर आवेदन जारी, जानें योग्यता और अप्लाई प्रक्रिया

0
15

नई दिल्ली, 13 अक्टूबर (आईएएनएस)। फोरेंसिक विज्ञान प्रयोगशाला (एफएसएल) में नौकरी करने की इच्छा रखने वालों के लिए एक बेहतरीन मौका सामने आया है। एफएसएल-दिल्ली ने एक वर्ष की अवधि के लिए अपने विभिन्न विभागों में इंटर्न के कुल 75 खाली पदों को भरने के लिए उम्मीदवारों से आवेदन एक आधिकारिक अधिसूचना जारी करके मांगे हैं।

एफएसएल की ओर से इंटर्न पोस्ट के लिए जारी 75 रिक्तियों में केमिस्ट्री में 12, बायोलॉजी में 19, बैलिस्टिक में 5, साइबर फोरेंसिक में 22 और फिजिक्स (ए/वी) में 17 पद शामिल हैं।

इंटर्न के इन सभी रिक्तियों के लिए ऑफलाइन माध्यम से आवेदन प्रक्रिया जारी है और अप्लाई करने की अंतिम तिथि 23 अक्टूबर तक तय की गई है। ऐसे में एप्लीकेशन फॉर्म भरने के इच्छुक उम्मीदवारों को सलाह दी जाती है कि वे तय अंतिम तिथि की शाम 5 बजे तक या उससे पहले अपनी रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया सफलतापूर्वक पूरी कर लें।

आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों के पास दिल्ली की किसी मान्यता प्राप्त संस्थान या विश्वविद्यालय से केमिस्ट्री के लिए केमिस्ट्री, टॉक्सिकोलॉजी, बायोकेमिस्ट्री या फोरेंसिक साइंस में मास्टर डिग्री, जिसमें बैचलर ऑफ साइंस (बीएससी) के तीनों वर्षों के दौरान केमिस्ट्री एक विषय या पेपर के तौर पर शामिल रही हो; बायोलॉजी के लिए जूलॉजी, बॉटनी, माइक्रोबायोलॉजी, एंथ्रोपोलॉजी, बायोलॉजी, ह्यूमन बायोलॉजी, लाइफ साइंस, बायोकेमिस्ट्री, जेनेटिक्स, बायोटेक्नोलॉजी, मॉलिक्यूलर बायोलॉजी या फोरेंसिक साइंस में मास्टर डिग्री के साथ ही बैचलर ऑफ साइंस के तीनों वर्षों में जूलॉजी या बॉटनी में से कोई एक विषय या पेपर पढ़ा हो या बायोटेक्नोलॉजी में बीई/बीटेक की डिग्री हो।

बैलिस्टिक के लिए फिजिक्स/मैथमेटिक्स/अप्लाइड मैथमेटिक्स/फोरेंसिक साइंस में मास्टर्स डिग्री, जिसमें बैचलर ऑफ साइंस के तीनों वर्षों के दौरान फिजिक्स या मैथमेटिक्स एक विषय/पेपर के तौर पर रहा हो; साइबर फोरेंसिक के लिए कंप्यूटर साइंस/कंप्यूटर एप्लीकेशन/इंफॉर्मेशन टेक्नोलॉजी/फिजिक्स (जिसमें इलेक्ट्रॉनिक्स/साइबर सिक्योरिटी में स्पेशलाइजेशन हो) में मास्टर डिग्री या कंप्यूटर साइंस इंजीनियरिंग/इंफॉर्मेशन टेक्नोलॉजी/इलेक्ट्रॉनिक्स एंड कम्युनिकेशन इंजीनियरिंग/इलेक्ट्रिकल्स एंड इलेक्ट्रॉनिक्स इंजीनियरिंग में बीई/बीटेक होनी चाहिए।

फिजिक्स (ए/वी) के लिए फिजिक्स, एप्लाइड फिजिक्स, कंप्यूटर साइंस, इलेक्ट्रॉनिक्स या फोरेंसिक साइंस, जिसमें बीएससी के तीनों वर्षों के दौरान फिजिक्स एक विषय या पेपर के तौर पर रहा हो, में मास्टर्स डिग्री या बैचलर ऑफ इंजीनियरिंग या बीटेक (सिविल, इलेक्ट्रिकल, मैकेनिकल, इलेक्ट्रॉनिक्स, टेलीकम्युनिकेशन, कंप्यूटर साइंस, इंस्ट्रूमेंटेशन, सीएसई, ईसीई, इन्फॉर्मेशन टेक्नोलॉजी, इलेक्ट्रॉनिक्स या ईईई) की डिग्री होनी चाहिए।

आवेदकों की न्यूनतम आयु 21 वर्ष और अधिकतम आयु 27 वर्ष तय की गई है, जिसकी गणना आवेदन पत्र जमा करने की अंतिम तिथि यानी 23 अक्टूबर 2026 के आधार पर की जाएगी। वहीं, आरक्षित श्रेणी से आने वाले अभ्यर्थियों को नियमानुसार अधिकतम आयु सीमा में छूट दी जाएगी।

योग्य अभ्यर्थियों का चयन आवेदनों की स्क्रीनिंग के आधार पर शॉर्टलिस्टिंग, इंटरव्यू, मेरिट सूची और दस्तावेज सत्यापन के आधार पर किया जाएगा, जिसके बाद चयनित कैंडिडेट्स को प्रति माह 30,000 रुपए स्टाइपेंड के तौर पर दिए जाएंगे।

केमिस्ट्री, बायोलॉजी और बैलिस्टिक्स के लिए इंटरव्यू 3 नवंबर 2026 को, साइबर फोरेंसिक और फिजिक्स (ए/वी) के लिए इंटरव्यू 4 नवंबर 2026 को और बाकी सभी उम्मीदवारों (यदि कोई हों) के लिए इंटरव्यू 5 नवंबर 2026 को एफएसएल-रोहिणी पते पर सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक आयोजित किया जाएगा, जिसके लिए अभ्यर्थियों का केंद्र पर रिपोर्ट करने का समय सुबह 9:30 बजे तय किया गया है। साक्षात्कार में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों को सलाह दी जाती है कि वे केंद्र पर समय से रिपोर्ट करने के अलावा अपने साथ सभी संबंधित डॉक्यूमेंट्स की मूल और फोटोकॉपी को साथ ले जाएं।

आवेदन करने के लिए उम्मीदवार सबसे पहले एफएसएल की आधिकारिक वेबसाइट पर जाएं। वहां संबंधित रिक्तियों के लिए जारी अधिसूचना लिंक पर क्लिक करें। इसके बाद नोटिफिकेशन में दिए गए एप्लीकेशन फॉर्म को डाउनलोड कर उसका प्रिंट आउट निकाल लें। फिर फॉर्म में मांगी गई सभी जानकारियों को दर्ज करें। संबंधित सभी डॉक्यूमेंट्स को आवेदन के साथ अटैच करें। इसके बाद सभी को एक लिफाफे में डालकर उसे ‘फोरेंसिक साइंस लेबोरेटरी के हेड ऑफ ऑफिस को, रोहिणी सेक्टर-14, मधुबन चौक, नई दिल्ली-110085’ पते पर या तो खुद जाकर या रजिस्टर्ड/स्पीड पोस्ट के जरिए तय समय सीमा के अंदर पहुंचा दें।