गैंगस्टर एक्ट में वांछित बदमाश गिरफ्तार, 4 साल से ओडिशा में भेष बदलकर रह रहा था

0
4

नोएडा, 18 मई (आईएएनएस)। ग्रेटर नोएडा में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना इकोटेक-3 पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने गैंगस्टर अधिनियम में लंबे समय से वांछित चल रहे और 10 हजार रुपये के इनामी अभियुक्त इरफान उर्फ नेता को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी वर्ष 2022 से फरार चल रहा था और उसके खिलाफ थाना इकोटेक-3 में कई गंभीर मुकदमे दर्ज हैं।

पुलिस की इस कार्रवाई को अपराध नियंत्रण की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, दिनांक 17 मई 2026 को थाना इकोटेक-3 पुलिस को लोकल इंटेलिजेंस के माध्यम से सूचना प्राप्त हुई थी कि गैंगस्टर एक्ट में वांछित अभियुक्त दादरी रोड स्थित डंपिंग यार्ड के पास बस स्टैंड के आसपास मौजूद है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान इरफान उर्फ नेता के रूप में हुई है। पुलिस पूछताछ में पता चला कि आरोपी मूल रूप से अशालकपुर फरुखनगर, थाना टीला मोड़, गाजियाबाद का रहने वाला है। वर्तमान में वह ओडिशा के मलकानगरि जिले के काली मेला क्षेत्र में रह रहा था। आरोपी की उम्र करीब 38 वर्ष बताई जा रही है। पुलिस का कहना है कि गिरफ्तारी से पहले आरोपी लगातार अपनी लोकेशन बदलकर पुलिस से बचने का प्रयास कर रहा था।

थाना इकोटेक-3 पुलिस के मुताबिक, इरफान उर्फ नेता के खिलाफ कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। उसके खिलाफ वर्ष 2022 में गैंगस्टर एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था। इसके अलावा एनडीपीएस एक्ट के तहत भी आरोपी पर कार्रवाई हो चुकी है। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार आरोपी के खिलाफ मु0अ0सं0 645/21 में धारा 8/20 एनडीपीएस एक्ट तथा मु0अ0सं0 487/23 में धारा 174-ए भारतीय दंड संहिता के तहत मुकदमे दर्ज हैं।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी की गिरफ्तारी से क्षेत्र में सक्रिय अपराधियों के नेटवर्क पर प्रभाव पड़ेगा। पुलिस अब आरोपी से जुड़े अन्य अपराधियों और उसके नेटवर्क के बारे में जानकारी जुटाने में लगी हुई है। गौतमबुद्ध नगर पुलिस कमिश्नरेट द्वारा लगातार वांछित और इनामी अपराधियों के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई है।

–आईएएनएस

पीकेटी/पीएम