गिरिडीह, 31 मई (आईएएनएस)। झारखंड के गिरिडीह जिले में एक हृदयविदारक घटना सामने आई है, जहां पति की मौत के बाद मानसिक तनाव से गुजर रही एक महिला ने कथित तौर पर अपने दो मासूम बच्चों को जहरीला पेय पिलाने के बाद स्वयं भी उसका सेवन कर लिया। इस घटना में दोनों बच्चों की मौत हो गई, जबकि महिला की हालत गंभीर बनी हुई है।
घटना बगोदर थाना क्षेत्र के तुकतुको गांव की है। स्थानीय लोगों के अनुसार, घटना का पता तब चला जब पड़ोस की एक बच्ची किसी काम से महिला के घर पहुंची। उसने देखा कि घर का दरवाजा बंद है और बाहर से ताला लगा हुआ है। संदेह होने पर बच्ची घर की छत पर चढ़ी और भीतर झांककर देखा। उसने महिला और उसके दोनों बच्चों को अचेत अवस्था में पड़ा पाया। बच्ची ने तत्काल इसकी सूचना अपने परिजनों और आसपास के लोगों को दी।
इसके बाद ग्रामीण किसी तरह घर के भीतर पहुंचे और तीनों को गंभीर हालत में बाहर निकालकर बगोदर के एक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने तीनों को बेहतर इलाज के लिए हजारीबाग रेफर कर दिया। इलाज के दौरान महिला की बेटी की मौत हो गई। वहीं, महिला और उसके बेटे को बाद में रांची स्थित रिम्स भेजा गया, जहां उपचार के दौरान बेटे ने भी दम तोड़ दिया। महिला का इलाज अभी जारी है और उसकी स्थिति चिंताजनक बताई जा रही है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि महिला अपने पति की मौत के बाद से मानसिक तनाव में थी। हालांकि घटना के पीछे की वास्तविक परिस्थितियों का पता लगाने के लिए पुलिस जांच कर रही है। पुलिस ने मामले की सूचना मिलने के बाद जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है और महिला के स्वस्थ होने के बाद उसका बयान भी दर्ज किया जाएगा। फिलहाल दोनों बच्चों की मौत से गांव में शोक का माहौल है।

