मुंबई, 30 मई (आईएएनएस)। अभिनेता अहान शेट्टी हाल ही में काम से ब्रेक लेकर गोवा की खूबसूरत वादियों में समय बिताने गए थे। शनिवार को उन्होंने इस ट्रिप की कुछ बेहद खूबसूरत झलकियां शेयर की।
अभिनेता अहान शेट्टी ने इंस्टाग्राम पर कुछ तस्वीरें शेयर कीं, जिसमें उनके साथ भारतीय क्रिकेटर और उनके जीजा के.एल. राहुल भी नजर आ रहे हैं। तस्वीरों में दोनों को गोवा के घने और हरे-भरे जंगलों के बीच सुकून के पल बिताते हुए देखा जा सकता है। दोनों प्रकृति के खूबसूरत नजारों का आनंद लेते हुए आपस में कुछ खास बातचीत कर रहे हैं। इस दौरान अहान और के.एल. राहुल दोनों ही काफी कूल और कैजुअल लुक में दिखाई दे रहे हैं।
तस्वीरों को पोस्ट करते हुए अहान ने लिखा, “गोवा की खूबसूरत वादियों में एक यादगार दिन।” अहान की पोस्ट फैंस और करीबियों को काफी पसंद आ रही है। बहन अथिया ने कमेंट सेक्शन पर प्रतिक्रिया भी दी।
अभिनेता सुनील शेट्टी के बेटे अहान शेट्टी और क्रिकेटर के.एल. राहुल अक्सर एक-दूसरे के साथ बेहतरीन वक्त बिताते हुए नजर आते हैं।
अहान शेट्टी बॉलीवुड के उभरते सितारे हैं। उन्होंने फिल्म ‘तड़प’ से बॉलीवुड में कदम रखा था, जिसमें उनके अपोजिट तारा सुतारिया थीं। यह सुपरहिट तेलुगु फिल्म ‘आरएक्स 100’ का रीमेक थी। इस फिल्म के लिए उन्हें ‘स्टार डेब्यू ऑफ द ईयर’ का आईफा पुरस्कार भी मिला था।
‘तड़प’ के बाद कॉन्ट्रैक्ट से जुड़े कारणों के कारण वह लगभग चार साल तक बड़े पर्दे से दूर रहे। इसके बाद उन्होंने वॉर-ड्रामा फिल्म ‘बॉर्डर 2’ में लेफ्टिनेंट कमांडर महेंद्र सिंह रावत का किरदार निभाया है, जो भारतीय नौसेना के एक जांबाज अधिकारी हैं। सोशल मीडिया पर जैसे ही अहान का नेवी यूनिफॉर्म लुक सामने आया था। एक्शन से भरपूर देशभक्ति वाले किरदार में उन्हें काफी पसंद किया गया।
अहान को लेकर दर्शकों में इतनी दीवानगी थी कि सोशल मीडिया पर वायरल हुई रील्स पर फैंस ने यह तक कह दिया कि वे अपनी सैलरी से अपने परिवार को फिल्म दिखाने ले जाएंगी। खुद अहान ने इस पर प्रतिक्रिया देते हुए फैंस और उनके परिवार के लिए टिकट का प्रबंध करने की पेशकश की, जो एक इंटरनेट ट्रेंड बन गया।

