Tuesday, May 26, 2026
SGSU Advertisement
Home अपराध ग्रेटर नोएडा में किन्नर हत्याकांड का खुलासा, पुलिस मुठभेड़ में आरोपी गिरफ्तार

ग्रेटर नोएडा में किन्नर हत्याकांड का खुलासा, पुलिस मुठभेड़ में आरोपी गिरफ्तार

0
4

ग्रेटर नोएडा, 26 मई (आईएएनएस)। ग्रेटर नोएडा के थाना नॉलेज पार्क क्षेत्र में हुए चर्चित किन्नर हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा करते हुए मुख्य आरोपी को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार आरोपी अभिषेक उर्फ मोना उर्फ मानव को सेक्टर-148 मेट्रो लाइन की ओर जाने वाले कच्चे रास्ते से गिरफ्तार किया गया। मुठभेड़ के दौरान आरोपी घायल हो गया, जिसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

पुलिस अधिकारियों के मुताबिक 24 मई 2026 को थाना नॉलेज पार्क क्षेत्र के ग्राम तुगलपुर में किन्नर मनोरंजन शर्मा उर्फ चांदनी का शव मिलने की सूचना प्राप्त हुई थी। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना नॉलेज पार्क में हत्या का मुकदमा दर्ज कर विशेष पुलिस टीम का गठन किया गया था।

जांच के दौरान पुलिस को आरोपी अभिषेक उर्फ मोना उर्फ मानव के संबंध में महत्वपूर्ण सुराग मिले। इसके बाद पुलिस लगातार उसकी तलाश में जुटी हुई थी। मंगलवार 26 मई को पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी सेक्टर-148 मेट्रो लाइन के पास मौजूद है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने इलाके में घेराबंदी की। पुलिस के अनुसार खुद को घिरता देख आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली आरोपी के पैर में लगी, जिसके बाद उसे मौके से गिरफ्तार कर लिया गया।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान अभिषेक उर्फ मोना उर्फ मानव निवासी ग्राम तालिम नगर, थाना हरदुआगंज, जनपद अलीगढ़ के रूप में हुई है। वर्तमान में वह तुगलपुर, थाना नॉलेज पार्क क्षेत्र में रह रहा था। आरोपी की उम्र लगभग 26 वर्ष बताई जा रही है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक तमंचा, दो कारतूस बरामद किया है। पुलिस अब आरोपी के आपराधिक इतिहास की भी जांच कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि घटना के पीछे क्या कारण था।

इस मामले में थाना नॉलेज पार्क पर मुकदमा संख्या 106/2026 के तहत धारा 103(1) बीएनएस में अभियोग पंजीकृत किया गया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच जारी है और जल्द ही घटना से जुड़े अन्य पहलुओं का भी खुलासा किया जाएगा।

–आईएएनएस

पीकेटी/पीएम