Wednesday, June 24, 2026
SGSU Advertisement
Home खेल हर्षिता-इमेशा की अर्धशतकीय पारी, श्रीलंका ने बांग्लादेश को पहले टी20 में 25...

हर्षिता-इमेशा की अर्धशतकीय पारी, श्रीलंका ने बांग्लादेश को पहले टी20 में 25 रनों से हराया

0
36

सिलहट, 28 अप्रैल (आईएएनएस)। श्रीलंका महिला क्रिकेट टीम ने सोमवार को पहले टी20 इंटरनेशनल मुकाबले में बांग्लादेश को 25 रनों से हराया। सिलहट इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में श्रीलंका से मिले 162 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए बांग्लादेश टीम 20 ओवर में 7 विकेट खोकर 136 रन ही बना सकी।

162 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी बांग्लादेश की शुरुआत कुछ खास नहीं रही। जुएरिया फिरदौस 12 गेंदों का सामना करने के बाद 16 रन बनाकर आउट हुईं। इसके बाद शर्मिन अख्तर भी बल्ले से कुछ खास कमाल नहीं दिखा सकीं और महज एक रन बनाकर पवेलियन लौटीं। कप्तान निगार सुल्ताना अपना खाता तक खोलने में नाकाम रहीं।

विकेटकीपर बल्लेबाज दिलारा अख्तर अच्छी शुरुआत का फायदा उठाने में नाकाम रहीं और 14 गेंदों में 23 रन बनाने के बाद मिताली अयोध्या का शिकार बनीं। शोभना मोस्तरी 16 रन ही बना सकीं।

हालांकि, शोर्ना अख्तर ने एक छोर से बढ़िया बल्लेबाजी की और 45 गेंदों में 60 रनों की दमदार पारी खेली। उन्होंने अपनी इस पारी में 4 चौके और 2 छक्के लगाए। हालांकि, उन्हें दूसरे छोर से बाकी बल्लेबाजों का साथ नहीं मिल सका। गेंदबाजी में श्रीलंका की तरफ से मल्की मदारा ने 31 रन देकर 2 विकेट चटकाए। वहीं, मिताली अयोध्या और कप्तान चमारी अटापट्टू ने भी 2-2 विकेट अपने नाम किए।

इससे पहले, श्रीलंका ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 4 विकेट खोकर स्कोरबोर्ड पर 161 रन लगाए। टीम की शुरुआत अच्छी नहीं रही और हसीना परेरा महज 7 रन बनाकर पवेलियन लौटीं। हालांकि, इसके बाद चमारी अटापट्टू और इमेशा दुलानी ने टीम की पारी को संभाला और दूसरे विकेट के लिए 32 गेंदों में 42 रनों की अहम साझेदारी निभाई। चमारी 30 गेंदों में 32 रन बनाकर आउट हुईं।

कप्तान के पवेलियन लौटने के बाद इमेशा को हर्षिता के रूप में एक और अच्छी जोड़ीदार मिली। दोनों ने तीसरे विकेट के लिए 54 गेंदों में 80 रनों की शानदार साझेदारी निभाई।

इमेशा ने 40 गेंदों में 55 रनों की बेहतरीन पारी खेली। उन्होंने अपनी पारी में 7 चौके लगाए। वहीं, हर्षिता ने 35 गेंदों में 5 चौके और 2 छक्कों की मदद से 61 रन बनाए। बांग्लादेश की ओर से गेंदबाजी में सुल्ताना खातून ने 4 ओवर में 29 रन देकर 2 विकेट चटकाए, जबकि मरूफा अख्तर और नाहिदा अख्तर ने एक-एक विकेट निकाला। इस जीत के साथ ही श्रीलंका ने तीन मुकाबलों की टी20 सीरीज में 1-0 की बढ़त हासिल कर ली है।