Wednesday, July 15, 2026
SGSU Advertisement
Home राजनीति हरियाणा हर मोर्चे पर पिछड़ रहा, 2029 में भाजपा सरकार बनने का...

हरियाणा हर मोर्चे पर पिछड़ रहा, 2029 में भाजपा सरकार बनने का दावा हकीकत से दूर: गीता भुक्कल

0
5

झज्जर, 15 जुलाई (आईएएनएस)। कांग्रेस विधायक गीता भुक्कल ने राम मंदिर में चढ़ावे की कथित चोरी के मामले और हरियाणा के मुख्यमंत्री द्वारा वर्ष 2029 में फिर से भाजपा सरकार बनने के दावे पर प्रतिक्रिया दी। उन्होंने भाजपा सरकार पर धार्मिक आस्था से जुड़े मामले को हल्के में लेने, प्रदेश में कानून-व्यवस्था, शिक्षा और रोजगार जैसे मुद्दों पर विफल रहने का आरोप लगाया।

पूर्व मंत्री ओमप्रकाश धनखड़ द्वारा राम मंदिर चढ़ावा मामले को छोटा बताने संबंधी टिप्पणी पर गीता भुक्कल ने कहा कि उनका बयान निंदनीय और बेहद चिंताजनक है। उन्होंने कहा कि यह कोई साधारण चोरी नहीं, बल्कि करोड़ों श्रद्धालुओं की धार्मिक भावनाओं से जुड़ा गंभीर मामला है। देशभर में इस मामले को लेकर कई तरह की चर्चाएं हो रही हैं और लोग सवाल उठा रहे हैं कि मंदिर में श्रद्धालुओं द्वारा दिए गए चढ़ावे का उपयोग आखिर कहां हुआ। इस पूरे मामले की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। यदि मामला इतना गंभीर है कि एसआईटी का गठन करना पड़ा, तो इसकी जांच केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) से कराई जानी चाहिए। उन्होंने सुप्रीम कोर्ट के किसी वर्तमान न्यायाधीश की निगरानी में जांच कराने की भी मांग की, ताकि पूरे मामले की सच्चाई सामने आ सके और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई हो।

गीता भुक्कल ने कहा कि इस घटना के बाद लोगों की धार्मिक आस्था प्रभावित हुई है। पहले बड़ी संख्या में श्रद्धालु अयोध्या जाकर भगवान श्रीराम और हनुमानगढ़ी में दर्शन करते थे, लेकिन अब लोगों के मन में सवाल पैदा हो रहे हैं और कई श्रद्धालु दानपात्र में चढ़ावा देने से भी हिचकिचा रहे हैं। वह स्वयं कई बार राम मंदिर जा चुकी हैं और भव्य मंदिर निर्माण के बाद भी दर्शन कर चुकी हैं। मंदिर में श्रद्धालु मुख्य रूप से दानपात्र में अपनी श्रद्धानुसार दान देते हैं। देश और विदेश से भी लोग इस मामले पर चिंता जता रहे हैं और जानना चाहते हैं कि उनके द्वारा भेजा गया चढ़ावा सुरक्षित है या नहीं।

हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी द्वारा 2029 में फिर से भाजपा सरकार बनने के दावे पर गीता भुक्कल ने कहा कि प्रदेश की वास्तविक स्थिति सरकार के दावों से बिल्कुल अलग है। हरियाणा आज कई महत्वपूर्ण क्षेत्रों में पिछड़ रहा है। प्रदेश में अपराध की घटनाएं बढ़ रही हैं, महिलाओं के खिलाफ अपराध चिंता का विषय हैं, स्कूल और कॉलेज बंद हो रहे हैं और बेरोजगारी लगातार बढ़ रही है। बड़ी संख्या में युवा विदेश जाने के लिए अवैध रास्तों का सहारा लेने को मजबूर हो रहे हैं। लगातार पेपर लीक की घटनाएं हो रही हैं, जिससे युवाओं का भविष्य प्रभावित हो रहा है। शिक्षा का स्तर भी लगातार गिर रहा है और पड़ोसी राज्य पंजाब और दिल्ली शिक्षा के क्षेत्र में हरियाणा से आगे निकल चुके हैं।

पूर्व शिक्षा मंत्री ने राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (एनटीए) और प्रतियोगी परीक्षाओं में कथित पेपर लीक के मामलों को लेकर भी सरकार को घेरा। उन्होंने कहा कि जब परीक्षाओं के संचालन के लिए सुरक्षा एजेंसियों तक की मदद लेनी पड़ रही है, तब भी पेपर लीक हो रहे हैं, यह गंभीर चिंता का विषय है। शिक्षा मंत्री को इस स्थिति की जिम्मेदारी लेते हुए जवाब देना चाहिए। लगातार सामने आ रहे घोटाले और शिक्षा व्यवस्था की गिरती गुणवत्ता सरकार की नीतियों पर सवाल खड़े करती है।

प्रदेश में कथित बैंक घोटाले और धान घोटाले का भी उल्लेख करते हुए गीता भुक्कल ने कहा कि इन मामलों की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। विधानसभा में कांग्रेस द्वारा उठाए गए मुद्दों पर सरकार ने गंभीरता नहीं दिखाई। प्रदेश के कई अधिकारियों के नाम जांच में सामने आ रहे हैं और कुछ मामलों में दबाव के चलते लोगों की जान तक चली गई। उन्होंने सरकार से सभी मामलों की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की। एसवाईएल के मुद्दे पर भी उन्होंने कहा कि जब भाजपा के नेता पंजाब जाते हैं तो हरियाणा के अधिकारों और पानी के मुद्दे पर खुलकर बात क्यों नहीं करते। उन्होंने मुख्यमंत्री से कहा कि उन्हें हरियाणा के हितों की रक्षा को प्राथमिकता देनी चाहिए।

गीता भुक्कल ने दावा किया कि प्रदेश में भाजपा के भीतर भी असंतोष बढ़ रहा है। कई मौकों पर मुख्यमंत्री के कार्यक्रमों का पार्टी के ही नेताओं द्वारा विरोध किया गया है। प्रदेश की जनता अब विकास, रोजगार, शिक्षा, कानून-व्यवस्था और किसानों से जुड़े मुद्दों पर जवाब चाहती है और केवल राजनीतिक दावों से काम नहीं चलेगा। यदि सरकार जनता की मूल समस्याओं का समाधान नहीं करती है, तो आने वाले समय में जनता इसका जवाब लोकतांत्रिक तरीके से देगी।