Wednesday, July 15, 2026
SGSU Advertisement
Home खेल अंडर-19 टेस्ट: लक्ष्य श्रीलंका के खिलाफ ‘दोहरे शतक’ से महज 4 रन...

अंडर-19 टेस्ट: लक्ष्य श्रीलंका के खिलाफ ‘दोहरे शतक’ से महज 4 रन दूर, ड्रॉ की ओर मुकाबला

0
5

गॉल, 15 जुलाई (आईएएनएस)। भारत और श्रीलंका की अंडर-19 टीमों के बीच गॉल इंटरनेशनल स्टेडियम में जारी चार दिवसीय अनाधिकारिक टेस्ट सीरीज का पहला मुकाबला ड्रॉ की ओर बढ़ रहा है। मेजबान टीम ने अपनी पहली पारी 424-9 के स्कोर पर घोषित की, जिसके बाद बुधवार को भारतीय टीम ने तीसरे दिन की समाप्ति तक 3 विकेट खोकर 378 रन बना लिए हैं। फिलहाल भारतीय सलामी बल्लेबाज लक्ष्य रायचंदानी 196 रन बनाकर नाबाद हैं।

टॉस जीतकर बल्लेबाजी करने उतरी श्रीलंकाई टीम की शुरुआत बेहद खराब रही। महज 3 के स्कोर तक उसने अपने दोनों सलामी बल्लेबाजों के विकेट गंवा दिए थे। यहां से सेनुजा वेकुनागोडा ने मोर्चा संभाला।

सेनुजा ने कप्तान विमथ दिनसारा (52) के साथ तीसरे विकेट के लिए 143 रन की साझेदारी की। इसके बाद कविजा गमागे (49) के साथ 128 रन और चमिका हीनातिगाला (45) के साथ 111 रन जोड़कर टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचा दिया। सेनुजा 267 गेंदों में 1 छक्के और 33 चौकों के साथ 233 रन बनाकर नाबाद रहे।

भारतीय खेमे से जगनाथन हेमचुदेशन ने सर्वाधिक 3 विकेट हासिल किए, जबकि काव्य पटेल और प्रियांशु सिंह ने 2-2 विकेट निकाले। प्रणव और कप्तान यशवर्धन ने 1-1 विकेट अपने नाम किया।

इसके जवाब में भारत की अंडर-19 टीम ने तीसरे दिन की समाप्ति तक 117 ओवरों में 3 विकेट खोकर 378 रन बना लिए हैं। लक्ष्य रायचंदानी ने सागर विर्क के साथ 91.5 ओवरों में 295 रन जोड़े। सागर 16 बाउंड्री के साथ 134 रन बनाकर आउट हुए, जिसके बाद लक्ष्य ने कुशाग्र ओझा के साथ दूसरे विकेट के लिए 42 रन जुटाए। कुशाग्र 3 चौकों के साथ 24 रन बनाकर आउट हुए, जबकि कप्तान यशवर्धन टीम के खाते में सिर्फ 6 रन जोड़ सके।

दिन की समाप्ति तक लक्ष्य अपने दोहरे शतक से सिर्फ 4 रन दूर थे। उन्होंने 306 गेंदों में 3 छक्कों और 21 चौकों के साथ 196* रन बना लिए हैं, जबकि कुश पटेल 3 रन बनाकर नाबाद हैं। इस पारी में श्रीलंकाई खेमे से दुलनिथ सिगेरा, लथेंद्र आकाश और डिमाथ अबेसिंघे ने 1-1 विकेट अपने नाम किया है।