SGSU Advertisement
Home अपराध हजारीबाग में जंगल से महिला का क्षत-विक्षत शव बरामद, हत्या की आशंका

हजारीबाग में जंगल से महिला का क्षत-विक्षत शव बरामद, हत्या की आशंका

0
4

हजारीबाग, 24 सितंबर (आईएएनएस)। हजारीबाग के चौपारण थाना क्षेत्र में जीटी रोड स्थित दनुआ घाटी के सांझा कट के पास जंगल की झाड़ियों से बुधवार देर शाम करीब 30 से 35 वर्ष की महिला का क्षत-विक्षत शव बरामद किया गया। शव की पहचान फिलहाल नहीं हो सकी है। प्रारंभिक जांच में महिला के माथे पर गोली लगने का निशान मिला है।

गर्दन के पास साड़ी का किनारा और रूमाल भी लिपटा मिला है। पुलिस हत्या के साथ दुष्कर्म की आशंका को लेकर भी जांच कर रही है। शव मिलने की सूचना इलाके में फैलते ही आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई और क्षेत्र में सनसनी फैल गई।

सूचना मिलने पर चौपारण थाना प्रभारी पंकज कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल की बारीकी से जांच की और आसपास के इलाके से जरूरी साक्ष्य जुटाए। इसके बाद एंबुलेंस की मदद से शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल, हजारीबाग भेज दिया गया। थाना प्रभारी ने बताया कि शव की स्थिति देखकर प्रथम दृष्टया इसके करीब सात से आठ दिन पुराना होने की संभावना है। लंबे समय तक खुले में पड़े रहने के कारण शव काफी गल चुका है। इसी वजह से तत्काल महिला की पहचान करना मुश्किल हो रहा है।

पुलिस आसपास के थाना क्षेत्रों से पिछले कुछ दिनों में लापता हुई महिलाओं की जानकारी जुटा रही है। इसके अलावा महिला की पहचान के लिए विभिन्न माध्यमों का सहारा लिया जा रहा है।

पुलिस के अनुसार, महिला की मौत किस परिस्थिति में हुई, यह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद स्पष्ट होगा। माथे पर मिले निशान और घटनास्थल से मिले अन्य साक्ष्यों को जांच का हिस्सा बनाया गया है। दुष्कर्म की पुष्टि भी पोस्टमार्टम और फॉरेंसिक जांच के बाद ही हो सकेगी।

पोस्टमार्टम के बाद शव को पहचान के लिए 72 घंटे तक शवगृह में सुरक्षित रखा जाएगा। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि यदि उनके परिवार या परिचितों में कोई महिला पिछले एक सप्ताह से लापता है, तो इसकी जानकारी चौपारण पुलिस को दें।

— आईएएनएस

एसएनसी/वीसी