Thursday, June 18, 2026
SGSU Advertisement
Home Student & Youth नीट यूजी 2026 री-एग्जाम से पहले 16 लाख उम्मीदवारों ने डाउनलोड किए...

नीट यूजी 2026 री-एग्जाम से पहले 16 लाख उम्मीदवारों ने डाउनलोड किए एडमिट कार्ड: एनटीए

0
5

नई दिल्ली, 18 जून (आईएएनएस)। 21 जून को होने वाली नीट यूजी 2026 की पुनर्परीक्षा (री-एग्जाम) से पहले राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (एनटीए) ने बताया है कि लगभग 16 लाख उम्मीदवारों ने अपने एडमिट कार्ड सफलतापूर्वक डाउनलोड कर लिए हैं। री-एग्जाम के लिए एडमिट कार्ड 14 जून को जारी किए गए थे।

एनटीए ने बताया कि कई अभ्यर्थियों ने एजेंसी से संपर्क कर बताया था कि वे विभिन्न कारणों से अपने अकाउंट की जानकारी पूरी नहीं कर पाए, जिसके कारण उन्हें एडमिट कार्ड डाउनलोड करने में परेशानी हो रही थी।

उम्मीदवारों की सुविधा को देखते हुए एनटीए ने सभी अभ्यर्थियों को आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से लॉगिन कर एडमिट कार्ड डाउनलोड करने का अवसर दिया है। इसके लिए उम्मीदवार उपलब्ध विकल्पों में से किसी एक का चयन कर सकते हैं।

अभ्यर्थी चाहें तो पहले एडमिट कार्ड डाउनलोड कर सकते हैं और परीक्षा शुल्क वापसी (रिफंड) के लिए अपने बैंक खाते की जानकारी बाद में सत्यापित कर सकते हैं। दूसरा विकल्प यह है कि वे पहले बैंक विवरण की पुष्टि करें और उसके बाद एडमिट कार्ड डाउनलोड करें।

एनटीए ने उन उम्मीदवारों को सलाह दी है जिन्हें अपने एडमिट कार्ड डाउनलोड करने में कोई कठिनाई हो रही है, वे एजेंसी के हेल्पलाइन नंबर 011-40759000 या 011-69227700 के माध्यम से संपर्क करें या अपनी चिंताओं के लिए ईमेल करें।

उम्मीदवारों से यह भी आग्रह किया गया है कि वे परीक्षा से संबंधित नवीनतम अपडेट और घोषणाओं के लिए एनटीए और नीट की आधिकारिक वेबसाइटों पर नियमित रूप से जाएं।

इस बीच, भारतीय वायु सेना (आईएएफ) ने परीक्षा से पहले व्यापक सुरक्षा व्यवस्था के तहत देश भर में 18 स्थानों पर नीट-यूजी 2026 पुनर्परीक्षा के प्रश्न पत्र पहुंचा दिए हैं।

यह कदम अधिकारियों द्वारा पुनर्परीक्षा को सुचारू रूप से, सुरक्षित तरीके से और बिना किसी अनियमितता के संपन्न कराने के लिए किए जा रहे प्रयासों के बीच उठाया गया है। अधिकारियों ने बताया कि वायुसेना के विमानों का उपयोग देशभर में निर्धारित वितरण केंद्रों तक प्रश्न पत्रों की सुरक्षित और समय पर डिलीवरी सुनिश्चित करने के लिए किया जा रहा है।

वही, प्रश्नपत्रों के परिवहन, भंडारण और वितरण की निगरानी के लिए सुरक्षा बलों, स्थानीय प्रशासन और कानून-व्यवस्था से जुड़े अधिकारियों को तैनात किया गया है। वहीं, संवेदनशील परीक्षा केंद्रों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी और किसी भी प्रकार की गड़बड़ी या प्रश्नपत्र से छेड़छाड़ की कोशिश को रोकने के लिए कड़े इंतजाम किए गए हैं।

गौरतलब है कि नीट-यूजी 2026 की पुनर्परीक्षा 21 जून को आयोजित की जाएगी। यह परीक्षा देश की सबसे बड़ी प्रवेश परीक्षाओं में से एक है और इसके माध्यम से देशभर के मेडिकल कॉलेजों में स्नातक चिकित्सा पाठ्यक्रमों में प्रवेश दिया जाता है।