Thursday, June 4, 2026
SGSU Advertisement
Home मनोरंजन ‘ग्राम चिकित्सालय’ के दूसरे सीजन की रिलीज डेट का ऐलान, गांव के...

‘ग्राम चिकित्सालय’ के दूसरे सीजन की रिलीज डेट का ऐलान, गांव के डॉक्टर प्रभात के सामने होंगी नई चुनौतियां

0
1

मुंबई, 4 जून (आईएएनएस)। ग्रामीण जीवन और सामाजिक मुद्दों को करीब से दिखाने वाली लोकप्रिय वेब सीरीज ‘ग्राम चिकित्सालय’ एक बार फिर दर्शकों का मनोरंजन करने के लिए तैयार है। पहले सीजन को दर्शकों से मिले प्यार के बाद अब इसके दूसरे सीजन की रिलीज डेट की घोषणा कर दी गई है। पहले सीजन में गांव की स्वास्थ्य व्यवस्था, वहां रहने वाले लोगों की समस्याओं और एक युवा डॉक्टर के संघर्ष को बेहद दिलचस्प अंदाज में दिखाया गया था। अब नए सीजन के साथ कहानी एक बार फिर उसी गांव में लौटेगी, जहां डॉक्टर प्रभात को नई चुनौतियों का सामना करना होगा।

सीरीज के निर्माताओं ने इंस्टाग्राम पर दूसरे सीजन का नया पोस्टर साझा किया है। पोस्टर को देख साफ अंदाजा लगाया जा सकता है कि गांव के अस्पताल और वहां की जिंदगी से जुड़ी कुछ घटनाएं इस बार कहानी का हिस्सा बनने वाली है।

पोस्टर के साथ मेकर्स ने मजाकिया अंदाज में लिखा, ”23 जून को इंजेक्शन लेने आ जाना।” इसके साथ यह भी बताया कि सीरीज का नया सीजन 23 जून से दर्शकों के लिए प्राइम वीडियो पर उपलब्ध होगा।

दूसरे सीजन की कहानी डॉक्टर प्रभात के इर्द-गिर्द घूमेगी, जो गांव भातकांडी के प्राइमरी हेल्थ सेंटर को बेहतर बनाने की कोशिश में जुटे हैं। पहले सीजन में दर्शकों ने देखा था कि किस तरह डॉक्टर प्रभात गांव की समस्याओं और लोगों की सोच के बीच अपनी जिम्मेदारियां निभाने का प्रयास करते हैं। अब नए सीजन में उनके सामने पहले से भी ज्यादा कठिन परिस्थितियां आने वाली हैं।

इस अवसर पर प्राइम वीडियो इंडिया के कंटेंट लाइसेंसिंग डायरेक्टर मनीष मेंघानी ने अपनी खुशी जाहिर की। उन्होंने कहा, ”समय के साथ दर्शकों की पसंद बदल रही है। अब लोग केवल बड़े शहरों की कहानियां ही नहीं, बल्कि गांवों की असली जिंदगी को दिखाने वाली कहानियों को भी पसंद कर रहे हैं। ‘ग्राम चिकित्सालय’ ने पहले सीजन में आम लोगों की जिंदगी, उनकी भावनाओं और रोजमर्रा की समस्याओं को खूबसूरती के साथ पेश किया था, जिसके चलते दर्शकों ने इसे भरपूर प्यार दिया। मेरा विश्वास है कि दूसरा सीजन भी दर्शकों को पहले की तरह पसंद आएगा और यह हंसाने के साथ-साथ सोचने पर भी मजबूर करेगा।”

सीरीज के निर्देशक ललितम तिवारी ने भी नए सीजन को लेकर अपने विचार साझा किए। उन्होंने कहा, ”मेरे लिए यह सीरीज कॉमेडी ड्रामा से कही ज्यादा है। यह ग्रामीण भारत की वास्तविक तस्वीर को समाने लाने का एक जरिया है। पहले सीजन से ही मेरी कोशिश रही है कि गांव की जिंदगी को पूरी सच्चाई के साथ दिखाया जाए। दूसरे सीजन में भी स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़ी चुनौतियां, गांव के लोगों के आपसी रिश्ते, उनका संघर्ष को कहानी का अहम हिस्सा बनाया गया है। इस बार दर्शकों को कई ऐसे किरदार और परिस्थितियां देखने को मिलेंगी, जिनसे वे खुद को आसानी से जोड़ पाएंगे।”

इस सीरीज का निर्देशन ललितम तिवारी ने किया है, जबकि इसकी कहानी और पटकथा वैभव सुमन और श्रेया श्रीवास्तव ने लिखी है। सीरीज में अमोल पाराशर, आकाश मखीजा, आनंदेश्वर द्विवेदी, विनय पाठक, आकांक्षा रंजन कपूर, गरिमा विक्रांत सिंह और दिनेश लाल यादव जैसे कलाकार भी महत्वपूर्ण भूमिकाओं में दिखाई देंगे।

‘ग्राम चिकित्सालय’ 23 जून को हिंदी भाषा में भारत समेत दुनिया के 240 से ज्यादा देशों और क्षेत्रों में प्राइम वीडियो पर रिलीज होगी।