चेन्नई, 16 अगस्त (आईएएनएस)। ‘वी द लीडर्स’ के संस्थापक और तमिलनाडु भाजपा के पूर्व अध्यक्ष के. अन्नामलाई ने रविवार को तमिलागा वेत्री कझगम (टीवीके) के नेतृत्व वाली तमिलनाडु सरकार के कुछ मंत्रियों पर सरकारी टेंडरों में 2 से 4 प्रतिशत तक कमीशन मांगने का आरोप लगाया।
हालांकि, अन्नामलाई ने किसी मंत्री का नाम नहीं लिया और न ही उस ऑडियो रिकॉर्डिंग को सार्वजनिक किया, जिसके जरिए उन्होंने अपने आरोपों की पुष्टि होने का दावा किया है।
चेन्नई में अपने समर्थकों की एक बैठक को संबोधित करते हुए अन्नामलाई ने कहा कि राज्य सरकार के यह दावा करने के बावजूद कि भ्रष्टाचार को खत्म कर दिया गया है, राज्य में भ्रष्टाचार फिर से सिर उठाने लगा है।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय व्यक्तिगत रूप से भ्रष्टाचार के खिलाफ हैं, लेकिन उन्हें अपने मंत्रियों और अधिकारियों पर करीबी नजर रखनी चाहिए।
अन्नामलाई के मुताबिक, बड़े सरकारी टेंडरों में कमीशन की मांग नहीं की जा रही है, लेकिन कुछ मंत्रियों ने हाल में अन्य ठेकों में ‘कट’ मांगना शुरू किया है। उन्होंने दावा किया कि उनके पास एक ऑडियो क्लिप है, जिसमें कथित तौर पर कमीशन की मांग की गई है।
पूर्व भाजपा नेता ने आरोप लगाया कि भुगतान मांगने वाले लोग यह कहकर अपनी मांग को सही ठहराने की कोशिश कर रहे हैं कि उन्होंने हालिया विधानसभा चुनाव के दौरान पैसा खर्च किया था।
उन्होंने मुख्यमंत्री विजय से अपील की कि वह इस मामले में तुरंत कार्रवाई करें और मंत्रियों तथा अधिकारियों पर लगाम लगाएं, ताकि यह प्रथा जड़ न पकड़ सके।
अन्नामलाई ने कहा कि वह इस मुद्दे को शुरुआती स्तर पर ही उठा रहे हैं और इसे एक साल बाद बड़ा राजनीतिक विवाद बनने का इंतजार नहीं कर रहे हैं।
हालांकि, उन्होंने टीवीके के नेतृत्व वाली नई सरकार को अपनी प्रशासनिक क्षमता साबित करने के लिए पर्याप्त समय देने की बात भी दोहराई।
अन्नामलाई ने तमिलनाडु में टीवीके की चुनावी जीत को राजनीतिक क्रांति करार दिया। उन्होंने कहा कि पार्टी के 108 विधायकों में से 101 पहली बार विधायक बने हैं।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने कुछ क्षेत्रों में अच्छा काम किया है, जबकि कुछ मामलों में उससे गलतियां भी हुई हैं। अन्नामलाई ने बताया कि उनकी पार्टी का संगठन राज्य सरकार के कामकाज पर नजर रख रहा है और जिन मामलों पर ध्यान देने की जरूरत है, उन पर रिपोर्ट भी सौंप रहा है।
उन्होंने उन मामलों में सरकार की कार्रवाई का स्वागत किया, जहां प्रशासन ने आलोचनाओं पर प्रतिक्रिया दी है। इनमें शैक्षणिक संस्थानों और पूजा स्थलों से 500 मीटर के दायरे में स्थित टीएएसएमएसी शराब दुकानों के खिलाफ की गई कार्रवाई भी शामिल है।
अन्नामलाई ने कहा, “अगर टीवीके सरकार अच्छा प्रदर्शन नहीं करती है, तो हम सबसे पहले उसके खिलाफ आरोप लगाएंगे।” हालांकि, उन्होंने यह भी कहा कि राज्य सरकार की ओर से किए जा रहे रचनात्मक कार्यों की सराहना की जानी चाहिए।
2026 के बजट के जरिए 15,000 करोड़ रुपये की बचत करने के राज्य सरकार के प्रयासों का जिक्र करते हुए अन्नामलाई ने मुख्यमंत्री विजय से तीन प्राथमिक क्षेत्रों के लिए 5,000-5,000 करोड़ रुपये आवंटित करने का आग्रह किया।
उन्होंने ग्रामीण जल निकायों के पुनरुद्धार और संरक्षण, सरकारी स्कूलों के बुनियादी ढांचे में सुधार तथा ग्रामीण क्षेत्रों के समग्र विकास के लिए यह राशि आवंटित करने की मांग की।

