Wednesday, July 15, 2026
SGSU Advertisement
Home राजनीति बंगाल: बेलडांगा हिंसा के बाद मुर्शिदाबाद एसपी का तबादला, कई अधिकारियों का...

बंगाल: बेलडांगा हिंसा के बाद मुर्शिदाबाद एसपी का तबादला, कई अधिकारियों का ट्रांसफर

0
27

कोलकाता, 31 जनवरी (आईएएनएस)। पश्चिम बंगाल सरकार ने शनिवार को राज्य पुलिस के 27 अधिकारियों के तबादले के आदेश जारी किए, जिसमें कोलकाता के पुलिस अधिकारी भी शामिल हैं।

महत्वपूर्ण बदलावों में मुर्शिदाबाद के पुलिस अधीक्षक सनी राज का तबादला किया गया। यह कदम उस समय उठाया गया जब राष्ट्रीय अन्वेषण एजेंसी (एनआईए) ने बेलडांगा में हाल ही में हुई हिंसा की जांच अपने हाथ में ली।

धृतिमान सरकार को मुर्शिदाबाद का नया एसपी नियुक्त किया गया है। धृतिमान सरकार इससे पहले झारग्राम, बांकुरा और पश्चिम मिदनापुर जैसे जिलों में कार्य कर चुके हैं। हालांकि, राज्य सचिवालय के सूत्रों ने इस तबादले को सामान्य बताया है।

पियूष पांडे को पश्चिम बंगाल के पुलिस महानिदेशक के रूप में चार्ज मिला, जबकि सुप्रतिम सरकार ने कोलकाता के पुलिस कमिश्नर के रूप में कार्यभार संभाला।

बिधाननगर पुलिस कमिश्नरेट में भी बदलाव किया गया है। युवा भारती खेल मैदान में लियोनेल मेसी के कार्यक्रम के दौरान उत्पात मचने के बाद डीसी अनिश सरकार को निलंबित कर दिया गया था। उनकी जगह अब पुष्पा को नियुक्त किया गया है।

इंस्पेक्टर जनरल रैंक में भी बदलाव किए गए हैं। अमित पी. जावलगी, जिन्हें शुक्रवार को बर्धवान रेंज का आईजी नियुक्त किया गया था, अब उन्हें बारासात रेंज में स्थानांतरित किया गया है। आलोक राजोरिया, जो बारासात के आईजी थे, अब बर्धवान रेंज में नियुक्त किए गए हैं।

सुप्रतिम सरकार के कोलकाता पुलिस कमिश्नर के रूप में नियुक्त होने के 24 घंटे के भीतर कई डिप्टी कमिश्नर का भी तबादला किया गया। दीपक सरकार को डीसी (साउथ ) नियुक्त किया गया है, जिन्होंने प्रियब्रत राय की जगह ली है। प्रियब्रत को बारासात का एसपी नियुक्त किया गया है।

बिदीशा कालिता दासगुप्ता को बनगांव का एसपी बनाया गया है, और उनकी जगह चारु शर्मा को डीसी (साउथ सबअर्बन) नियुक्त किया गया है। जसप्रीत सिंह को डीसी (ईस्ट) नियुक्त किया गया है। दिनेश कुमार को अब डीसी (नार्थ) बनाया गया है। अमित वर्मा को डीसी (ईस्ट सबअर्बन) नियुक्त किया गया है।

इसके अलावा, बिस्वा चंद्र ठाकुर को सुंदरबन पुलिस जिले का एसपी नियुक्त किया गया है। प्रतीक्षा झारखरिया दार्जिलिंग की एसपी बनी हैं। ज्योतिरमॉय राय को बिधाननगर पुलिस कमिश्नरेट में न्यू टाउन का डीसी नियुक्त किया गया है।