SGSU Advertisement
Home मनोरंजन बप्पी लाहिड़ी के साथ स्टेज पर गाते थे रेगो बी, बोले-‘दादा जी...

बप्पी लाहिड़ी के साथ स्टेज पर गाते थे रेगो बी, बोले-‘दादा जी से सीखा म्यूजिक और जिंदगी का सबक’

0
5

मुंबई, 25 सितंबर (आईएएनएस)। दिवंगत म्यूजिक लीजेंड बप्पी लाहिड़ी के पोते और सिंगर रेगो बी इन दिनों अपने नए गाने ‘चांद’ को लेकर चर्चा में हैं। इस बीच उन्होंने अपने दादा जी के साथ बिताए बचपन के दिनों को याद किया है।

रेगो ने बताया कि बप्पी दा के साथ स्टेज शेयर करना उनके बचपन की सबसे खास यादों में से एक है। जब वह करीब 6-7 साल के थे, तब अपने दादा जी के साथ कॉन्सर्ट और चैरिटी इवेंट्स में जाया करते थे। कई बार वह हजारों लोगों के सामने स्टेज पर उनके साथ गाना भी गाते थे।

बप्पी दा के साथ अपने सबसे खास पलों को याद करते हुए रेगो बी ने कहा, ”मेरी बचपन की कई खूबसूरत यादें उन्हीं स्टेज परफॉर्मेंस जुड़ी हैं। मैं अक्सर अपने दादा जी के साथ स्टेज पर गाता था और कभी-कभी सामने 20 से 30 हजार लोगों की भीड़ होती थी। उस उम्र में मुझे अंदाजा नहीं था कि मैं कितने बड़े ऑडियंस के सामने परफॉर्म कर रहा हूं, लेकिन बप्पी दा के साथ स्टेज शेयर करने की एनर्जी और खुशी मुझे हमेशा महसूस होती थी। ये अनुभव आज भी मेरे लिए बेहद खास हैं और मैं इन यादों को पूरी जिंदगी अपने साथ लेकर चलूंगा।”

रेगो बी ने कहा, ”मेरे दादाजी ने मुझे सिर्फ म्यूजिक ही नहीं बल्कि जिंदगी को लेकर भी बहुत कुछ सिखाया। म्यूजिक के मामले में बप्पी दा ने मुझे तालीम और एक्सप्रेशन की अहमियत समझाई। इसके साथ ही वह गाते समय हर शब्द को साफ तरीके से बोलने पर भी काफी जोर देते थे। ये सभी बातें आज मेरे सिंगिंग स्टाइल का हिस्सा हैं।”

म्यूजिक से अलग बप्पी लाहिड़ी की सबसे बड़ी सीख को याद करते हुए रेगो ने कहा, ”मेरे दादाजी हमेशा विनम्र, शांत और जमीन से जुड़े रहने की सीख देते थे। उनका मानना था कि इंसान को कितनी भी सफलता मिल जाए, उसे अपने व्यवहार में बदलाव नहीं लाना चाहिए। वह हर परिस्थिति में संयमित और पॉजिटिव एनर्जी के साथ रहते थे। मैं भी अपनी जिंदगी में इस सीख को अपनाने की कोशिश करता हूं।”

बता दें कि रेगो बी का नया गाना ‘चांद’ 21 सितंबर को उनके 17वें जन्मदिन पर रिलीज हुआ है। इस गाने को लेकर सिंगर ने कहा कि यह उनके लिए बेहद खास है, क्योंकि इसमें उस एहसास को दिखाया गया है कि जब कोई इंसान अपनी जिंदगी में ऐसे शख्स को तलाश करना चाहता है, जिसे वह अपना कह सके।

जी म्यूजिकपनी के प्रेजेंटेशन में रिलीज हुआ ‘चांद’ रेगो के पांच साल के म्यूजिक सफर में एक नया अध्याय है। उन्होंने सिर्फ 12 साल की उम्र में ‘बच्चा पार्टी’ गाने से अपनी पहचान बनानी शुरू की थी। अब 17 साल की उम्र में वह अपनी अलग पहचान बनाने की दिशा में आगे बढ़ रहे हैं।