लखनऊ, 4 अक्टूबर (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश पुलिस ने सचिन उर्फ राजा उर्फ रामधीरज की हत्या के मामले में 26 साल के एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि शराब पीने के बाद बेहोश होने पर सचिन की बिजली के करंट का झटका देकर मौत के घाट उतार दिया था।
पुलिस के अनुसार, 1 अक्टूबर को लखनऊ के बिजनौर पुलिस स्टेशन इलाके में एक शिकायत दर्ज कराई गई थी। शिकायतकर्ता का आरोप था कि उसके बेटे सचिन की हत्या बिरजू, तेजू और अन्य साथियों ने गला घोंटकर और बिजली का झटका देकर कर दी है।
शिकायत के आधार पर पुलिस ने बिजनौर पुलिस ने एफआईआर दर्ज की। पुलिस उपायुक्त (दक्षिण) के निर्देश पर आरोपियों का पता लगाने और उन्हें गिरफ्तार करने के लिए पुलिस की तीन टीमें बनाई गईं। टीमों ने लगभग 170-190 सीसीटीवी फुटेज की जांच की और तकनीकी व मैनुअल सबूतों के साथ-साथ स्थानीय खुफिया नेटवर्क से मिली जानकारी का इस्तेमाल किया।
जांच के बाद पुलिस ने 2 अक्टूबर को नामजद आरोपी बिरजू को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के दौरान बिरजू ने पुलिस को बताया कि वह और सचिन दोस्त थे और अक्सर साथ में खाना खाते और शराब पीते थे। सचिन अक्सर बिरजू के कमरे पर भी जाता था क्योंकि बिरजू अकेला रहता था और वे दोनों अक्सर वहां बैठकर शराब पीते थे।
पुलिस के मुताबिक, 28 सितंबर को सचिन ने बिरजू से कहा कि उसे पैसों की जरूरत है और कुछ पैसों का इंतजाम करने को कहा। बिरजू ने कथित तौर पर उससे कहा कि उसके पास पैसे नहीं हैं। इसके बाद सचिन ने पैसे जुटाने के लिए अपनी मोटरसाइकिल गिरवी रख दी। दोनों ने कथित तौर पर कुछ पैसों से शराब खरीदी और बाद में बिरजू के कमरे में बैठकर शराब पी।
पुलिस ने बताया कि अधिक शराब पीने की वजह से जब सचिन बेहोश हो गया, तो बिरजू के मन में उसके पास बचे हुए पैसे लेने का ख्याल आया। उसने कथित तौर पर सचिन को मारने का फैसला किया और कमरे में बेहोश पड़े सचिन को बिजली का झटका दिया, जिससे उसकी मौत हो गई।
आरोपी ने सचिन की जेब से बचे हुए पैसे निकाले और फिर उसकी लाश को किसी और के घर के पास रखकर वहां से भाग गया। पुलिस ने एक बिजली का तार, स्टैंड वाला लोहे का कूलर और 2,250 रुपये नकद बरामद किए, जो मृतक की जेब से लिए गए थे। इस मामले में पुलिस कानूनी कार्रवाई कर रही है।
