पश्चिम बंगाल में भाजपा की जीत ने राज्य को ‘तबाही’ से बचाया: माखनलाल सरकार

0
5

कोलकाता, 9 मई (आईएएनएस)। भाजपा नेता माखनलाल सरकार ने समाचार एजेंसी आईएएनएस से बातचीत करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री बनने के बाद नरेंद्र मोदी पांच बार सिलीगुड़ी आ चुके हैं। हर बार हमको भी बुलाया गया। उन्होंने कहा कि पीएम मोदी पहले से ही प्रणाम करते हैं।

माखनलाल सरकार ने कहा कि मैं संघ से हूं, और पीएम मोदी भी संघ से जुड़े हुए थे। संघ में कोई नेता नहीं है। हमारा ध्वज ही हमारा नेता है।

उन्होंने कहा कि अगर इस बार भी ममता बनर्जी जीत जातीं तो क्या हाल होता? भगवान से प्रार्थना किया कि बंगाल को बचाओ। भगवान ने हमारी बात सुनी। हमने भारी बहुमत से चुनाव जीता।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री को मैंने बोला था कि ‘सबका साथ-सबका विकास’ आपने किया। मुझे बताइए, इतने सारे गरीब मुसलमानों को आपने मुफ्त गैस सिलेंडर दिए और उनके लिए घर बनाए। जब ​​चुनाव हुए तो आपको असल में कितने वोट मिले? बंगाल का कैसा हाल बन गया कि हम लोगों का बंगाल में रहना मुश्किल हो गया था। गुंडागर्दी कौन कर रहा है? बांग्लादेश में मोहम्मद यूनुस ने जो किया, वो सबके सामने है। मैं अपने यहां की बात कर रहा हूं। यहां कुछ भी हो, सरकार को कुछ नहीं बताया जाता, क्योंकि अगर बताया तो डांट पड़ेगी।

उन्होंने कहा कि सिर्फ पीएम मोदी ही नहीं, बल्कि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह भी पैर छूकर आशीर्वाद लेते हैं। भाजपा भारतवादी है, हिंदुत्ववादी नहीं है। 500 वर्षों तक मुसलमानों ने हमारे देश पर कब्जा किया था। लगभग 200 वर्ष तक विदेशियों ने कब्जा किया। हमने बहुत यातना सहा, अब हमारे बर्दाश्त के बाहर हो गया है, लेकिन हमने किसी पर हमला नहीं किया। पीएम मोदी और अमित शाह ने बंगाल को बचा लिया।

माखनलाल सरकार ने कहा कि एमके स्टालिन ने सनातन धर्म को खत्म करने की बात कही थी, लेकिन वह खुद ही खत्म हो गए। बंगाल में भी भारत मां की जीत हो गई। अब भगवान से प्रार्थना है कि बंगाल पर कृपा करें।

माखनलाल ने अपनी किताब ‘कच्चे धागे’ का जिक्र करते हुए कहा कि किताब इतना कठोर लिखा था कि आरएसएस से इनाम मिला। उन्होंने कहा कि हिंदू अपने घर की बहन-बेटी की रक्षा नहीं कर पाता है।

उन्होंने तृणमूल कांग्रेस के नेता फिरहाद हकीम के विवादित बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि फिरहाद हकीम ने कहा था कि ‘कुछ ही दिनों में मुसलमान मेजोरिटी बन जाएंगे’ और ‘हम हिंदुओं को मुसलमान बनने की सलाह देते हैं’। ममता बनर्जी ने ऐसे बयानों का विरोध नहीं किया।

बंगाल के नए मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी को लेकर उन्होंने कहा कि मैंने उनसे कहा कि मेरी बात मत सुनो, देश के संविधान को बचाने के लिए काम करो।

माखनलाल सरकार ने कहा कि आरएसएस की विचारधारा को बंगाल चुनाव में जीत के साथ आखिरकार ‘सफलता’ मिल गई है। उन्होंने कहा कि मैंने पश्चिम बंगाल के लिए कुछ करने के लिए केंद्र पर बहुत दबाव बनाया था। पीएम मोदी और अमित शाह ने इसके लिए कड़ी मेहनत की, जिसका नतीजा यह हुआ कि बंगाल बच गया, वरना यह बर्बाद हो रहा था।

उन्होंने बंगाल में भाजपा की जीत को ‘भारत की जीत’ बताया। इसके अलावा, सरकार ने आरोप लगाया कि देश भर में महिलाओं के खिलाफ हो रहे अत्याचारों के पीछे मुसलमान हैं। लड़कियों का जबरदस्ती धर्म परिवर्तन कराया जा रहा है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार के बाद उत्तर प्रदेश में सुधार हुआ है।

बता दें कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सुवेंदु अधिकारी के बंगाल मुख्यमंत्री के तौर पर शपथ ग्रहण समारोह के दौरान माखनलाल सरकार के पैर छुए और उनका आशीर्वाद लिया।