मध्य प्रदेश: पीएमएसबीवाई योजना बनी सहारा, दुर्घटना में मृत्यु के बाद नॉमिनी को मिल रही आर्थिक सहायता

0
3

नीमच, 9 मई (आईएएनएस)। केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना (पीएमएसबीवाई) जरूरतमंद परिवारों के लिए मुश्किल समय में बड़ा सहारा बन रही है। मध्य प्रदेश के नीमच जिले में भी इस योजना का लाभ बड़ी संख्या में लोगों को मिल रहा है।

बेहद कम प्रीमियम पर मिलने वाला यह सुरक्षा कवच दुर्घटना की स्थिति में परिवारों को आर्थिक राहत प्रदान कर रहा है।

नीमच जिले में भी इस योजना के सकारात्मक परिणाम सामने आ रहे हैं। ऐसा ही एक मामला जिले के जावी गांव से सामने आया, जहां निवासी कन्हैयालाल पाटीदार ने एसबीआई की जावी शाखा के माध्यम से प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना में अपना बीमा कराया था। अप्रैल 2025 में कार्य के दौरान टैंक में गिरने से उनकी मृत्यु हो गई थी।

घटना के बाद योजना के तहत उनकी नॉमिनी पुत्री को 2 लाख रुपए की बीमा सहायता राशि का चेक प्रदान किया गया। परिवार में कन्हैयालाल पाटीदार ही एकमात्र कमाने वाले सदस्य थे। उनके परिवार में पत्नी और दो बेटियां हैं। ऐसे में योजना से मिली सहायता राशि परिवार के लिए आर्थिक संबल साबित हुई।

कन्हैयालाल पाटीदार की बड़ी बेटी प्रीति पाटीदार ने समाचार एजेंसी आईएएनएस से बातचीत के दौरान बताया कि करीब एक साल पहले पिताजी का काम करने के दौरान टैंक में गिरने से देहांत हो गया था। उनके जाने के बाद हमारे ऊपर गहरा आर्थिक संकट आ गया। पिताजी ने बैंक में बीमा करवा रखा था। घर में मैं, मेरी छोटी बहन और मम्मी, हम तीनों ही हैं।

उन्‍होंने कहा कि पिताजी की मृत्यु के बाद हमें साल भर के भीतर 2 लाख की आर्थिक सहायता बीमा चेक के रूप में मिली। इस सहायता से हमें कई परेशानियों में लाभ मिला और थोड़ी राहत महसूस हुई। यह प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना थी।

प्रीति पाटीदार ने कहा कि मैं प्रधानमंत्री मोदी को धन्यवाद देना चाहूंगी कि उन्होंने इतनी अच्छी योजना चलाई है। यह योजना बहुत ही फायदेमंद है और सभी को करानी चाहिए, खासकर गरीब परिवारों के लिए यह बहुत बड़ी राहत है। इसमें पैसे सीधे बैंक खाते में आते हैं और यह संकट के समय बहुत मददगार साबित होती है।

कन्हैयालाल के भाई ओमप्रकाश पाटीदार ने बताया कि मेरा भाई कन्हैया लाल ने गांव जावी में स्टेट बैंक में बीमा करवा रखा था। यह बीमा सभी परिवार वालों को करवाना चाहिए, क्योंकि आर्थिक संकट आने के बाद ही इस योजना के फायदे का पता चलता है। इस बीमा से हर परिवार वाले को अच्छा फायदा मिलेगा और पीएम मोदी को धन्यवाद देते हुए कहना चाहता हूं कि गरीब लोगों को बीमा करवाना चाहिए।

दरअसल, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 9 मई 2015 को इस योजना की शुरुआत की थी। प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना का उद्देश्य आम नागरिकों को कम लागत में दुर्घटना बीमा सुरक्षा उपलब्ध कराना है। इस योजना के तहत 18 से 70 वर्ष तक का कोई भी व्यक्ति मात्र 20 रुपए वार्षिक प्रीमियम जमा कर 2 लाख रुपए तक का दुर्घटना बीमा कवर प्राप्त कर सकता है।

योजना के अंतर्गत दुर्घटना में मृत्यु अथवा पूर्ण स्थायी विकलांगता होने पर 2 लाख रुपए तथा आंशिक स्थायी विकलांगता की स्थिति में 1 लाख रुपए की सहायता राशि प्रदान की जाती है। योजना का लाभ लेने के लिए व्यक्ति का बैंक या डाकघर में सक्रिय बचत खाता होना आवश्यक है। पंजीयन संबंधित बैंक या पोस्ट ऑफिस के माध्यम से किया जा सकता है।