SGSU Advertisement
Home अंतर्राष्ट्रीय ऑनलाइन ठगी नेटवर्क पर कंबोडिया की बड़ी कार्रवाई, 30 करोड़ डॉलर से...

ऑनलाइन ठगी नेटवर्क पर कंबोडिया की बड़ी कार्रवाई, 30 करोड़ डॉलर से अधिक की संपत्ति फ्रीज

0
7

नोम पेन्ह, 2 सितंबर (आईएएनएस)। कंबोडिया ने ऑनलाइन ठगी (साइबर फ्रॉड) नेटवर्क के खिलाफ बड़े अभियान के तहत 30 करोड़ अमेरिकी डॉलर से अधिक की संदिग्ध संपत्ति फ्रीज कर दी है। यह जानकारी ऑनलाइन स्कैम से निपटने के लिए गठित एड-हॉक कमीशन फॉर कॉम्बैटिंग ऑनलाइन स्कैम्स (सीसीओएस) ने बुधवार को जारी प्रेस विज्ञप्ति में दी।

प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, एक वर्ष से अधिक समय तक चले देशव्यापी अभियान के दौरान अधिकारियों ने ऑनलाइन ठगी से जुड़े बैंक खातों में जमा 30 करोड़ डॉलर से अधिक की राशि फ्रीज की है। साथ ही 29 देशों के 3,927 आरोपियों के खिलाफ 446 केस अदालत भेजे गए हैं, जिनमें गिरोह के सरगना और उनके सहयोगी शामिल हैं।

सीसीओएस के मुताबिक, जुलाई 2025 से अगस्त 2026 के बीच कानून प्रवर्तन एजेंसियों ने 663 ऑनलाइन ठगी गिरोहों पर कार्रवाई की और 39 देशों के करीब 30,000 संदिग्धों को गिरफ्तार किया।

कार्रवाई के दौरान 27 कैसीनो भी जांच के दायरे में आए। इनमें से 18 कैसीनो के लाइसेंस स्थायी रूप से रद्द कर दिए गए, जबकि नौ कैसीनो के लाइसेंस निलंबित किए गए हैं।

प्रेस विज्ञप्ति में कहा गया है कि अब तक 38 देशों के 22,000 से अधिक लोगों को ऑनलाइन ठगी में सीधे शामिल पाए जाने पर कंबोडिया से निर्वासित किया जा चुका है।

सीसीओएस ने दावा किया कि फिलहाल कंबोडिया में बड़े पैमाने पर संचालित होने वाले ऑनलाइन ठगी केंद्र पूरी तरह समाप्त कर दिए गए हैं। हालांकि कुछ ठगी गतिविधियां अब छोटे और गुप्त ठिकानों, जैसे किराये के कमरे, गेस्ट हाउस, निजी मकानों, वाहनों और कॉफी शॉप से संचालित की जा रही हैं।

सीसीओएस प्रमुख और वरिष्ठ मंत्री छाय सिनारिथ ने बताया कि जुलाई 2025 से 20 अगस्त 2026 के बीच विशेष कानून प्रवर्तन बलों ने 793 संदिग्ध स्थानों की जांच की, जिनमें से 624 ठिकानों पर सीधी कार्रवाई की गई।

उन्होंने कहा कि इस अभियान के दौरान 58,266 विदेशी नागरिकों को बचाया और निर्वासित किया गया, जिनमें 7,282 महिलाएं शामिल थीं। इनमें से 22,045 लोग 38 देशों के थे और उन्हें ऑनलाइन ठगी नेटवर्क में सीधे शामिल पाया गया।