कोलकाता, 17 मई (आईएएनएस)। पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी ने रविवार को अपने दिवंगत निजी सहायक चंद्रनाथ रथ को उनके आवास पर श्रद्धांजलि दी। इस दौरान मुख्यमंत्री ने पीड़ित की मां से मुलाकात की और परिवार को आश्वासन दिया कि न्याय जरूर मिलेगा।
चंद्रनाथ की मां हसिरानी रथ ने मीडिया को बताया कि वह (सुवेंदु अधिकारी) भी रोए। मुझे मुख्यमंत्री पर भरोसा है। मुझे उम्मीद है कि मेरे बेटे की हत्या के मामले में न्याय मिलेगा।
उन्होंने कहा कि यह मेरा बहुत बड़ा सौभाग्य है कि वे मेरे घर आए। उन्हें मेरे बेटे की याद थी। कई लोग कोई पद मिलने के बाद सब कुछ भूल जाते हैं। लेकिन वे आए और रोए। मुख्यमंत्री ने कहा कि वे हमारे साथ हैं। वे दोषियों को कड़ी से कड़ी सजा दिलवाएंगे।
उन्होंने आगे कहा कि जिन्होंने मेरे बेटे की हत्या की, उन्हें कड़ी सजा मिलनी चाहिए। हमें मुख्यमंत्री पर भरोसा है। वे भी दोषियों के लिए कड़ी सजा चाहते थे। हमने न्याय की गुहार लगाई है। जब सीबीआई जांच आगे बढ़ेगी, तो हमें सब कुछ पता चल जाएगा।
6 मई की रात को, उत्तरी 24 परगना जिले के मध्यमग्राम में सुवेंदु अधिकारी के पर्सनल असिस्टेंट की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। हमले के समय चंद्रनाथ गाड़ी में ड्राइवर के बगल में बैठे थे। गोलीबारी में ड्राइवर भी घायल हो गया था।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, हमलावर एक मोटरसाइकिल पर आए और उन्होंने गोलियां चला दीं। वारदात के बाद चंद्रनाथ और घायल ड्राइवर को अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने चंद्रनाथ को मृत घोषित कर दिया।
इसके बाद राज्य पुलिस ने इस हत्या की जांच के लिए एक विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया। इस मामले में जांचकर्ताओं ने उत्तर प्रदेश से दो लोगों और बिहार के बक्सर से एक शार्पशूटर को गिरफ्तार किया। हालांकि, मुख्य साजिशकर्ता कौन था और किसकी साजिश के चलते यह हत्या हुई, यह अभी तक पता नहीं चल पाया है। फिलहाल, सीबीआई इस मामले की जांच कर रही है।

