नई दिल्ली, 27 जुलाई (आईएएनएस)। कांग्रेस सांसद मनीष तिवारी ने सोमवार को लोकसभा में स्थगन प्रस्ताव का नोटिस देकर नए दल-बदल विरोधी कानून की आवश्यकता पर चर्चा कराने की मांग की। उनका कहना है कि अवसरवाद से प्रेरित बड़े पैमाने पर राजनीतिक दल-बदल पर रोक लगाने के साथ-साथ वास्तविक वैचारिक असहमति की भी रक्षा की जानी चाहिए।
संसद के मानसून सत्र के दौरान लोकसभा महासचिव को सौंपे गए एक नोटिस में तिवारी ने सदन से इस मुद्दे पर विचार-विमर्श करने के लिए निर्धारित कार्यवाही स्थगित करने का आग्रह किया।
लोकसभा के महासचिव को सौंपे गए नोटिस में मनीष तिवारी ने कहा, “मैं सदन की कार्यवाही स्थगित करने के लिए एक प्रस्ताव पेश करने की अनुमति का अनुरोध करता हूं, ताकि एक अत्यावश्यक मुद्दे पर चर्चा की जा सके।”
उन्होंने आगे कहा, “मैं प्रस्ताव करता हूं कि यह सदन प्रश्नकाल, शून्यकाल और दिन की अन्य सभी निर्धारित कार्यवाही स्थगित कर दे, ताकि एक नए दल-बदल विरोधी कानून की आवश्यकता पर चर्चा की जा सके, जो अवसरवाद से प्रेरित और वास्तविक वैचारिक या नीतिगत मतभेदों से रहित सामूहिक राजनीतिक दल-बदल पर रोक लगाए, साथ ही संसद और विधानसभाओं के अंदर और बाहर ईमानदार और आलोचनात्मक असहमति के लिए स्थान प्रदान करे।”
तिवारी ने सरकार से इस मुद्दे पर पूरी चर्चा की अनुमति देने की भी अपील की। उन्होंने कहा, “इसलिए मैं सरकार से आग्रह करता हूं कि आज का कार्य स्थगित कर दिया जाए और इस अत्यंत महत्वपूर्ण मामले पर पूरी चर्चा की अनुमति दी जाए।”
उनकी यह मांग ऐसे समय में आई है जब मौजूदा दलबदल विरोधी कानून की प्रभावशीलता पर राजनीतिक हलकों में बहस तेज हो गई है और हाल के कई कानूनी और राजनीतिक घटनाक्रमों ने सुधारों की मांग को फिर से हवा दे दी है।
इस बीच, वरिष्ठ अधिवक्ता और राज्यसभा सांसद कपिल सिब्बल ने हाल ही में संविधान की दसवीं अनुसूची की व्याख्या को चुनौती देते हुए सुप्रीम कोर्ट में रिट याचिका दायर की। सिब्बल का तर्क है कि राजनीतिक विलय से जुड़े प्रावधानों की मौजूदा न्यायिक व्याख्या ने दल-बदल विरोधी व्यवस्था को कमजोर किया है।
सिब्बल ने भारत के मुख्य न्यायाधीश सूर्यकांत की अध्यक्षता वाली बेंच से कहा, “मैंने खुद एक याचिका दायर की है। इसमें यह प्रश्न उठाया गया है कि क्या संसद की संरचना को इस तरह बदला जा सकता है, जैसा इस देश में हो रहा है, और इस संदर्भ में दसवीं अनुसूची के पैरा-4 की व्याख्या क्या होगी।”
पिछले महीने, शिवसेना नेता और महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने घोषणा की थी कि शिवसेना (यूबीटी) गुट के छह लोकसभा सांसद शिवसेना में शामिल हो गए हैं। मुंबई में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए शिंदे ने संजय दीना पाटिल, संजय देशमुख, संजय जाधव, भाऊसाहेब वाकचौरे, नागेश पाटिल-अष्टिकर और ओमप्रकाश राजे निंबालकर जैसे सांसदों का पार्टी में स्वागत किया था।
इससे पहले अप्रैल में आम आदमी पार्टी के सात बागी राज्यसभा सांसदों को आधिकारिक तौर पर भारतीय जनता पार्टी में शामिल किया गया था, क्योंकि राज्यसभा सचिवालय ने उच्च सदन में पार्टी की स्थिति को अपडेट किया था। पिछले महीने राज्यसभा में उप-नेता के पद से हटाए जाने के बाद, राघव चड्ढा ने छह अन्य सांसदों के साथ आप छोड़ दी थी और भाजपा में शामिल होने का फैसला किया था।
सुभाष देसाई बनाम महाराष्ट्र के राज्यपाल के प्रधान सचिव (यानी शिवसेना में फूट का मामला, 2023) के मामले में सुप्रीम कोर्ट ने “विधायी दल” और राजनीतिक दल के बीच अंतर स्पष्ट किया और कहा कि उन्हें एक-दूसरे से मिलाया नहीं जा सकता। अब, दसवीं अनुसूची के तहत अयोग्यता की कार्यवाही में किसी दूसरी पार्टी में शामिल होना तब तक बचाव का वैध आधार नहीं है, जब तक कि मूल राजनीतिक दल खुद किसी दूसरी पार्टी में विलय न कर ले।
दल-बदल विरोधी कानून संविधान की दसवीं अनुसूची में शामिल है, जिसे 1985 में राजीव गांधी सरकार के दौरान 52वें संविधान संशोधन के माध्यम से लागू किया गया था।
इसका उद्देश्य निर्वाचित प्रतिनिधियों को चुनाव के बाद मंत्री पद या अन्य राजनीतिक लाभों के बदले अपनी राजनीतिक निष्ठा बदलने से रोकना था। यह एक ऐसी प्रथा थी जो 1960 और 1970 के दशक के “आया राम, गया राम” दौर में बहुत आम हो गई थी।
मौजूदा कानून के तहत किसी सांसद या विधायक को तब अयोग्य ठहराया जा सकता है, जब वह स्वेच्छा से अपने राजनीतिक दल की सदस्यता छोड़ दे, पार्टी व्हिप के विरुद्ध मतदान करें या पूर्व अनुमति के बिना मतदान से अनुपस्थित रहे। इसी प्रकार, कोई निर्दलीय सदस्य निर्वाचित होने के बाद किसी दल में शामिल हो जाए या कोई मनोनीत सदस्य सदन में नामित होने के छह महीने बाद किसी राजनीतिक दल की सदस्यता ग्रहण कर ले, तो उसके विरुद्ध भी अयोग्यता की कार्रवाई की जा सकती है।

